कश्मीर एक्टिविस्ट याना मीर ने 'मलाला' को लेकर ब्रिटिश संसद में क्या कह दिया? जानें क्यों वायरल हो रही है स्पीच
याना मीर इन दिनों चर्चाओं में बनी हुई हैं। वजह है, ब्रिटेन के संसद भवन में उनके द्वारा दिया गया स्पीच। याना एक कश्मीरी एक्टिविस्ट हैं। अपने स्पीच में उन्होंने कहा कि वो मलाला नहीं हैं और अपने देश में बिल्कुल सुरक्षित हैं।
ब्रिटिश संसद भवन में स्पीच देते हुए याना ने कहा, "मैं मलाला यूसुफजई नहीं हूं। मैं मलाला यूसुफजई नहीं हूं, क्योंकि मुझे कभी भी अपने देश से भागना नहीं पड़ेगा।"

याना मीर, जो खुद को कश्मीर की पहली महिला व्लॉगर भी कहती हैं, ने कहा, "मैं स्वतंत्र हूं, और मैं अपने देश भारत में, कश्मीर में अपने घर में, जो भारत का हिस्सा है, सुरक्षित हूं।" आपको बता दें, याना वह एक पत्रकार भी हैं।
लड़कियों की शिक्षा पर तालिबान के प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर मलाला यूसुफजई को 2012 में पाकिस्तान की स्वात घाटी में एक तालिबान ने चेहरे पर गोली मार दी थी।
हमले के बाद, मलाला यूनाइटेड किंगडम में जाकर बस गईं। बाद में उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में दाखिला लिया। मलाला को साल 2014 में नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया। उन्हें यह पुरस्कार 17 वर्ष की उम्र में मिला था और तब मलाला यह पुरस्कार पाने वाली सबसे कम उम्र की प्राप्तकर्ता बनी।
याना ने इस चीज में खुद को नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई से अलग बताया। याना मीर ने कहा, "लेकिन मुझे आप पर आपत्ति है, मलाला यूसुफजई, आप मेरे देश, मेरी प्रगतिशील मातृभूमि को 'उत्पीड़ित' कहकर बदनाम कर रही हैं। मुझे सोशल मीडिया और विदेशी मीडिया पर ऐसे सभी 'टूलकिट सदस्यों' पर आपत्ति है, जिन्होंने कभी भी भारतीय कश्मीर का दौरा करने की परवाह नहीं की, लेकिन वहां से 'उत्पीड़न' की कहानियां गढ़ीं।"
याना ने कहा, "मैं आप सभी से आग्रह करती हूं कि धर्म के आधार पर भारतीयों का ध्रुवीकरण करना बंद करें, हम आपको हमें तोड़ने की अनुमति नहीं देंगे, मुझे उम्मीद है कि ब्रिटेन में पाकिस्तान में रहने वाले हमारे अपराधी मेरे देश को बदनाम करना बंद कर देंगे।"
याना मीर, जो जम्मू-कश्मीर यूथ सोसाइटी से भी जुड़ी हैं, ब्रिटिश संसद भवन में जम्मू-कश्मीर स्टडी सेंटर यूके (जेकेएससी) द्वारा आयोजित "संकल्प दिवस" कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। याना मीर के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग ब्रिटेन में उनके उग्र भाषण के लिए उनकी सराहना कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications