J&K: क्या BJP-NC नेताओं में बहुत 'याराना' है ? एक ट्वीट पर उमर अब्दुल्ला ने दिया ये जवाब
श्रीनगर, 16 सितंबर: नेशनल कांफ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अबदुल्ला ने कहा है कि उनके 'राजनीतिक विरोधी' तो हो सकते हैं, लेकिन निजी स्तर पर उनसे 'नफरत' करने की जरूरत नहीं है। दरअसल, जम्मू-कश्मीर के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने एक इंटरव्यू में उमर को जम्मू-कश्मीर के शीर्ष नेताओं में 'रत्न' कहा था। बीजेपी के नेता की ओर से नेशनल कांफ्रेस के नेता की ऐसी तारीफ सुनकर ट्विटर पर सवाल उठाया गया था कि क्या दोनों दलों के नेताओं के बीच कोई पीछे से समझौता तो नहीं है। इसी पर उमर अब्दुल्ला ने भी अपनी बात रखी हैं।

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने उमर को 'रत्न' कहा
एक ट्विटर यूजर ने जम्मू-कश्मीर के बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र रैना का एक छोटा सा वीडियो शेयर किया है। इसमें रैना कह रहे हैं, '2014 में मैं एमएलए बना और उमर अब्दुल्ला भी उसी सदन में थे। मैंने देखा कि एक व्यक्ति के तौर पर, व्यक्तिगत स्तर पर उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के शीर्ष नेताओं में रत्न हैं.....इसलिए हमलोग मित्र भी हैं।' रैना ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम की तारीफ करते हुए यह तक बताया कि जब वह कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे, तो उनका हाल जानने के लिए फोन करने वाले सबसे पहले व्यक्ति उमर ही थे।
'बहुत याराना लगता है!'
रैना के इसी इंटरव्यू को ट्विटर पर डालकर एक यूजर ने कैप्शन में लिखा है, 'जम्मू-कश्मीर बीजेपी के अध्यक्ष रविंद्र रैना की ओर से यह ताजा है। बहुत याराना लगता है!' उमर अब्दुल्ला ने उसी यूजर के संदेह करने वाले सवाल पर अपना जवाब दिया है और बताने की कोशिश की है कि राजनीतिक संबंध और व्यक्तिगत ताल्लुकात अलग-अलग चीजें हैं।
मैं रविंद्र के अच्छे शब्दों के लिए आभारी हूं- उमर
उमर ने अपने जवाब में लिखा है, 'क्या राजनीति सिर्फ विभाजन और नफरत के बारे में है? यह कहां कहता है कि राजनीतिक तौर पर असहमत होने के लिए हमें एक-दूसरे से निजी तौर पर नफरत भी करनी होगी? मेरे राजनीतिक विरोधी हैं, मेरे पास दुश्मन नहीं हैं। मैं रविंद्र के अच्छे शब्दों के लिए आभारी हूं और मुझे प्रसन्नता है कि वे हमें एक-दूसरे का विरोध करने से रोकेंगे नहीं ।'
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव करवाए जाने की चर्चा है। उससे पहले अगर राजनीतिक दल आपसी संबंधों को लेकर इतनी अच्छी मिसाल पेश कर रहे हैं तो यह इस केंद्र शासित प्रदेश की सियासत के लिए बहुत ही अच्छा संकेत माना जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications