कार्ति चिदंबरम बोले- प्रियंका गांधी बनें यूपी में कांग्रेस की CM कैंडिडेट, अब लखनऊ में जमाएं डेरा
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा है कि पार्टी को उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी को आगे करना चाहिए। ट्विटर पर चिदंबरम ने लिखा कि प्रियंका को कांग्रेस यूपी में अपना सीएम का चेहरा बनाए तभी पार्टी में दोबारा जान फूंकी जा सकेगी। प्रियंका गांधी काफी समय से उत्तर प्रदेश में ही राजनीति कर रही हैं। अब कार्ति ने यूपी के 2022 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए ये बात कही है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और सीनियर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बेटे कार्ति ने गुरुवार को ट्वीट कर लिखा, कांग्रेस पार्टी की देशभर में वापसी का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर ही निकलेगा। प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया जाए। वहीं प्रियंका गांधी को अब दिल्ली छोड़ लखनऊ में ही रहना चाहिए, वहीं डेरा जमाना चाहिए और पार्टी की अगुवाई करनी चाहिए।
Recommended Video
प्रियंका के लखनऊ शिफ्ट होने की चर्चा
एक दिन पहले बुधवार को ही केंद्र सरकार ने प्रियंका गांधी से दिल्ली के लोधी एस्टेट स्थित बंगले को खाली करने को कहा है। यहां प्रियंका करीब 23 साल से रह रही हैं। इसकी वजह प्रियंका गांधी के पास एसपीजी सुरक्षा नहीं होना बताया गया है। इसके बाद कहा जा रहा है कि वो दिल्ली में घर खाली कर लखनऊ में शिफ्ट हो सकती हैं, जिससे वो उत्तर प्रदेश की राजनीति पर ज्यादा ध्यान दे सकें।
प्रियंका लगातार उत्तर प्रदेश के मुद्दे उठा रही हैं। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर वो हमलावर हैं। इसको लेकर कई बार ना सिर्फ भाजपा बल्कि बहुजन समाज पार्टी की मायावती से भी उनकी तनातनी हो चुकी है। वो सपा और बसपा को निशाना बनाते हुए लगातार कह रही हैं कि ये भाजपा के ही अघोषित प्रवक्ता हैं, जबकि जमीन पर कांग्रेस ही लड़ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications