कर्नाटक चुनाव: येदियुरप्पा ने मानी हार, कहा- कार्यकर्ता चुनाव नतीजों से दुखी न हों, लोकसभा में वापसी करेंगे
पूर्व सीएम ने कहा कि हार-जीत बीजेपी के लिए बड़ी बात नहीं है। दो सीट से शुरुआत कर बीजेपी आज सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। कार्यकर्ताओं को दुखी होने की जरूरत नहीं है। हम अपने हार पर पुनर्विचार करेंगे।

Karnataka Election Results 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना जारी है। रुझानों में कांग्रेस को बहुमत मिल गई है। पार्टी 137 सीटों पर आगे है। वहीं, भाजपा 64 सीटों पर आगे है। कर्नाटक में बड़ी जीत की ओर बढ़ रही कांग्रेसी नेता पार्टी क प्रदर्शन से खुश हैं। अब तक रुझानों से यह साफ हो गया है दक्षिण का द्वार कहे जाने वाले इस राज्य में कांग्रेस अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है।
कर्नाटक के चुनावी नतीजों को भाजपा ने भी स्वीकार कर लिया है। कर्नाटक के पूर्व सीएम और राज्य में बीजेपी के चुनावी अभियान का नेतृत्व करने वाले बीएस येदियुरप्पा बोले- जीत और हार कोई नई बात नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं को इस नतीजे से घबराने की जरूरत नहीं है। हम पार्टी की हार के बारे में आत्मनिरीक्षण करेंगे। मैं इस निर्णय को सम्मानपूर्वक स्वीकार करता हूं।
बताते चलें कि कांग्रेस ने बेंगलुरु के 5 स्टार हिल्टन होटल में 50 रूम पहले से ही बुक किए हैं। जीते हुए विधायकों को रात 8 बजे तक होटल आने के लिए बोला गया है। कल कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इस बीच अन्य नेताओं के बयान आना भी जारी है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मीडिया से बात करते हुए कहा, प्रधानमंत्री और बीजेपी कार्यकर्ताओं की तमाम कोशिशों के बावजूद हम अपनी सरकार बनाने में विफल रहे। एक बार पूरा रिजल्ट आने के बाद हम विस्तृत समीक्षा करेंगे। हम इस हार से सीखकर लोकसभा चुनाव में वापसी करेंगे।
सचिन पायलट ने कांग्रेस को बहुमत मिलने का दावा करते हुए कहा, कांग्रेस के पास पूर्ण बहुमत है। हम बड़ी जीत की ओर आगे बढ़ रहे हैं। 40% कमिशन सरकार वाला नारा हमारी ओर से दिया गया था और मतदाताओं ने स्वीकार किया। भ्रष्टाचार का मुद्दा हमारी तरफ से उठाया गया था भाजपा को हराने के लिए। मतदाताओं ने स्वीकार किया और कांग्रेस को बहुमत दिया।
कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया ने कहा है कि कर्नाटक के हित के लिए उनके पिता को सीएम बनाना चाहिए।हालांकि कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार को भी सीएम पद का दावेदार बताया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications