कर्नाटक: उडुपी के एक और कॉलेज में हिजाब पहनकर आई छात्राओं को नहीं मिली एंट्री
कर्नाटक: उडुपी के एक और कॉलेज में हिजाब पहनकर आई छात्राओं को नहीं मिली एंट्री
नई दिल्ली, 3 फरवरी: कर्नाटक के उडुपी में हिजाब पहनने वाली छात्राओं को एंट्री ना देने का मामला एक और कॉलेज में सामने आया है। कुंडापुर के भंडारकर कॉलेज प्रशासन ने उन छात्राओं को गेट पर रोक दिया, जो हिजाब पहनकर आई थीं। इस दौरान छात्राओं की ओर से अपनी बात रखी गई लेकिन कॉलेज कर्मचारियों ने इसे नियमों के खिलाफ बताते हुए उनको गेट के भीतर नहीं जाने दिया।
Recommended Video

उडुपी से करीब 40 किलोमीटर दूर कुंडापुर के भंडारकर कॉलेज में बुधवार को हिजाब पहनकर पहुंची छात्राओं को कॉलेज प्रशासन ने रोक दिया। मामले को लेकर कुंडापुर विधायक हलादी श्रीनिवास शेट्टी भी कॉलेज पहुंच गए। विधायक की मौजूदगी में कॉलेज के अधिकारियों और छात्राओं के बीच बैठक हुई लेकिन कॉलेज ने हिजाब पहनने की इजाजत नहीं दी। जिससे मीटिंग बेनतीजा खत्म हो गई।
बीते महीने शुरू हुआ था विवाद
कर्नाटक में बीते महीने, जनवरी में उडुपी के प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेज में कुछ छात्राओं को हिजाब पहनने की वजह से कक्षा में प्रवेश नहीं दिया गया था। जिसके बाद ये छात्राएं कक्षा के सामने ही बैठ गई थीं। इसके बाद ये मामला ना सिर्फ कर्नाटक बल्कि देशभर में चर्चा में आ गया।
कोर्ट पहुंचा मामला
उडुपी की एक छात्रा रेशमा ने कर्नाटक हाईकोर्ट में भी इस मामले को लेकर याचिका दायर की है। छात्रा ने याचिका में कक्षा के भीतर हिजाब पहनने का अधिकार दिए जाने का अनुरोध किया है। याचिकाकर्ता ने कहा है कि छात्राओं को हिजाब पहनने का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 14 और 25 के तहत दिया गया मौलिक अधिकार है। हिजाब पहनने वाली छात्राओं को कक्षा में जाने से रोककर उनके शिक्षा के मौलिक अधिकार का हनन किया जा रहा है। ऐसे में उसे और उसकी सहपाठियों को हिजाब पहनकर कक्षा में आने की परमिशन दी जाए।












Click it and Unblock the Notifications