Karnataka: सिद्दारमैया ने कांग्रेस के पूर्व सहयोगी को क्यों कहा 'राजनीतिक खलनायक', बताया BJP से भी ज्यादा हताश
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने जेडीएस के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी को एक 'राजनीतिक खलनायक' बताया है। उन्होंने दावा किया है कि जेडीएस नेता राज्य में बीजेपी से भी ज्यादा हताश हैं।
सिद्दारमैया ने हाल ही में कुमारस्वामी की ओर से उनपर और उनकी सरकार पर निशाना साधे जाने के बाद यह पलटवार किया है। गौरतलब है कि कर्नाटक में जेडीएस ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। इसकी वजह से कांग्रेस और उसके रिश्ते और भी तल्ख हो चुके हैं।

'राजनीतिक खलनायक तो वही हैं कुमारस्वामी'
कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया ने कहा है, 'अगर कोई राजनीतिक खलनायक है तो वही हैं, वह कुमारस्वामी हैं। उन्होंने क्रिकेट मैच देखने के लिए मुझे निशाना बनाया है। लेकिन, जब उनकी सरकार (जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार) गिरने वाली थी, तब वे एक हफ्ते अमेरिका में बैठे हुए थे। हमें उन्हें क्या कहना चाहिए?'
सिद्दारमैया ने कुमारस्वामी पर निकाली भड़ास
दरअसल, कुमारस्वामी ने कथित तौर पर सीएम सिद्दारमैया की तुलना महाभारत के खलनायकों से की थी और उसी को लेकर पूछे गए सवालों पर सिद्दारमैया ने कुमारस्वामी के खिलाफ मोर्चा खोला है। मैसूर में मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम ने दावा किया कि अपने पूरे एक साल और दो महीनों के कार्यकाल में मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने बेंगलुरू के आलीशान होटल में समय बिताया।
जब उनसे यह सवाल किया गया कि कुमारस्वामी ने आरोप लगाया है कि उन्होंने ही उनकी सरकार को अस्थिर किया था, जिसके चलते जुलाई 2019 में वह गिर गई थी, तो सिद्दारमैया ने कहा कि पहले जेडीएस नेता ने विधानसभा में रिकॉर्ड पर कहा था कि सरकार गिरने के लिए बीजेपी दोषी है।
'कुमारस्वामी बीजेपी से भी 'ज्यादा हताश' हैं'
वे बोले, 'उन्होंने उनकी सरकार गिराने के लिए बीजेपी पर आरोप लगाने वाला बयान दिया था, विधानसभा में विश्वास मत के दौरान, लेकिन अब वह अलग चीज कह रहे हैं और मुझ पर आरोप लगा रहे हैं, क्या तब उन्होंने सदन को गुमराह किया था।' वे बोले कि कुमारस्वामी बीजेपी से भी 'ज्यादा हताश' हैं, इसलिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।
कौन था मीर सादिक?
उधर सिद्धारमैया को 'मीर सादिक' कहे जाने पर कुमारस्वामी पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी कहा कि जेडीएस नेता ने अपनी सरकार के पतन के लिए बीजेपी को दोषी ठहराया था और सवाल किया कि अब उन्होंने उसी पार्टी से कैसे हाथ मिला लिया है। मीर सादिक टीपू सुल्तान के शासन काल में एक मंत्री था, जिसने अंग्रेजों से मिलकर साजिश रची थी। किसी को गद्दार बताने के लिए उसके नाम का इस्तेमाल किया जाता है।
शिवकुमार ने कुमारस्वामी को दी बहस की चुनौती
कर्नाटक के डिप्टी सीएम ने सफाई देते हुए कहा है कि किस तरह से सिद्दारमैया, कांग्रेस पार्टी, इसके विधायक और लीडरशिप गठबंधन सरकार के दौरान उनके साथ खड़ी रही थी। उन्होंने कुमारस्वामी पर आरोप लगाया कि जो बीजेपी उनकी सरकार गिरने के लिए जिम्मेदारी थी, उसी के साथ गले मिला रहे हैं। उन्होंने कुमारस्वामी को बेलगावी में विधानसभा सत्र के दौरान या मीडिया में भी इस मुद्दे पर बहस करने की चुनौती दी।
कर्नाटक के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, '...किसने क्या बोला...आइए आने वाली पीढ़ियों को बताने के लिए चीजों को रिकॉर्ड पर लाते हैं...पहले मैं समुदाय (वोक्कालिगा) के कुछ नेताओं की बात मानते हुए चुप रहा था, लेकिन अब मुझे बोलना होगा, क्योंकि हमारे पास भी आपकी तरह स्वाभिमान है.....'
कर्नाटक में इसी साल हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को 224 में से 135 सीटें मिली थीं। जबकि बीजेपी 66 और जेडीएस 19 सीटों पर सिमट कर रह गई थी। बदले हुए हालातों में लोकसभा चुनावों के लिए भाजपा और जेडीएस ने आपस में गठबंधन किया है और अगले साल चुनाव में मिलकर लड़ने की बात कही है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications