Karnataka: गन्ने के खेत में किसान से मिले राहुल गांधी, पूछा ये सवाल
दरअसल सोमवार को राहुल गांधी रामदुर्ग से सौंदती जा रहे थे। रास्ते में पड़ने वाले सुनैल गांव में उन्होंने गन्ने के खेत में काम करते हुए किसानों को देखा
नई दिल्ली। कर्नाटक में विधानसभा चुनावों की गहमागहमी जोरों पर है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार रैलियां कर रहे हैं। इस चुनावी जोरआजमाइश के बीच राहुल गांधी ने अचानक सबको चौंका दिया। राहुल गांधी ने कुछ ऐसा किया जिसकी उम्मीद कार्यकर्ताओं को नहीं थी। राहुल गांधी अचानक गन्ने के खेत में पहुंच गए। वहां काम कर रहे किसान से पहले तो राहुल ने हाल-चाल पूछा फिर किसानों से जुड़ी समस्याओं पर बात की। राहुल गांधी ने गन्ने की खेत में काम कर रहे किसान दंपति से किसानों को होने वाली समस्याओं और किसान ऋण को लेकर बात की। राहुल ने राज्य सरकार की ऋण माफी और अन्य योजनाओं पर चर्चा की और यह भी पूछा कि सरकार की योजनाएं किसानों तक कैसे पहुंच रही हैं।

राहुल ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई
दरअसल सोमवार को राहुल गांधी रामदुर्ग से सौंदती जा रहे थे। रास्ते में पड़ने वाले सुनैल गांव में उन्होंने गन्ने के खेत में काम करते हुए किसानों को देखा। राहुल ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और खेत की तरफ पैदल ही चल दिए। गन्ने की खेत में पहुंचकर राहुल ने किसानों की समस्याओं का जाना। जव वहां राहुल पहुंचे थे तो उनके पीछे काफी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंच गए थे। वहां मायानर नाम का किसान राहुल गांधी को मेमना गिफ्ट करना चाहता था लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोक दिया।

'मोदीजी ने राफेल का कॉन्ट्रैक्ट बदल दिया'
सौंदत्ती की एक रैली में राहुल गांधी ने राफेल डील को लेकर एक बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री गोवा में थे, मछली की दुकान में मछली खरीद रहे थे। उन्हें पता भी नहीं था कि मोदीजी ने राफेल का कॉन्ट्रैक्ट बदल दिया। राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में व्यापम स्कैम को लेकर भी हमला बोला और कहा कि बीजेपी के लोगों ने मध्य प्रदेश में व्यापम कराके पूरी शिक्षा व्यवस्था को नष्ट कर दिया।

'हमने जो कहा था करके दिखा दिया'
इससे पहले राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी जो भी करते हैं नीरव मोदी जैसे लोगों के लिए करते हैं, हजारों करोड़ रुपए सबसे अमीर लोगों को देते हैं। मोदी जी ने वादे किए लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। हमने जो कहा था करके दिखा दिया। आज कल हजारों करोड़ रुपये उनके पास हैं, मार्केटिंग, टेलीविजन, मीडिया उनके पास है, मगर कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतने जा रही है क्योंकि हमारे पास गरीबों, किसानों, मजदूरों की शक्ति है।












Click it and Unblock the Notifications