कर्नाटक: महिला अधिकारी की हत्या का खुलासा, बर्खास्त संविदा कर्मी ने बदले के लिए उतारा मौत के घाट
हाल ही में कर्नाटक में एक सनसनीखेज घटना घटी, जहां एक वरिष्ठ अधिकारी केएस प्रतिमा की हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। साथ ही मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जो प्रतिमा के ही ऑफिस में काम करता था।
कर्नाटक पुलिस के मुताबिक प्रतिमा माइंस और जियोलॉजी डिपार्टमेंट में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर तैनात थीं। वहां पर एक कर्मचारी संविदा पर था, जिसको कुछ दिनों पहले प्रतिमा ने बर्खास्त कर दिया।

इसका बदला लेने के लिए वो कर्मचारी अधिकारी के घर गया और उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद वह कार्तनाका के चामराजनगर भाग गया, जहां से उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। साथ ही उसने पुलिस को बताया कि उसने हत्या बदले की भावना से की।
वहीं महिला अधिकारी अपने पति के साथ रहती थीं, लेकिन घटना वाले दिन वो किसी काम से अपने गृहनगर गए थे। जिसका फायदा आरोपी ने उठाया। वो उनके घर में घूसा और चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
सीएम ने दिए थे जांच के आदेश
प्रतिमा जब से बेंगलुरु में तैनात हुई थीं, तब से वो अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थीं। उनकी हत्या की जानकारी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को भी दी गई थी। जिस पर उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
बीजेपी ने साधा निशाना
वहीं दूसरी ओर राजधानी में हुए इस हत्याकांड को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। बीजेपी ने इसको लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। मामले में बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि बेंगलुरू में अफसर की संदिग्ध खनन माफिया तत्वों द्वारा निर्मम हत्या पूरे राज्य के लिए स्तब्ध करने वाली है। ये कांग्रेस शासन के तहत कानून व्यवस्था के पूरी तरह से पतन और इन माफिया तत्वों के साहस बढ़ने का एक स्पष्ट संकेत है। अपने प्यारे राज्य को इस रास्ते पर गिरते हुए देखकर बहुत दुख होता है।












Click it and Unblock the Notifications