'किसी पद की जरूरत नहीं, बस मोदी के समर्थन के लिए आया हूं', कर्नाटक MLA जनार्दन रेड्डी की BJP में वापसी
Janardhana Reddy Join BJP: खनन कारोबारी और कर्नाटक राज्य प्रगति पक्ष (KRPP) के एकमात्र विधायक जनार्दन रेड्डी सोमवार (25 मार्च) को पार्टी नेता बीएस येदियुरप्पा और राज्य भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए। उनकी पत्नी और राजनेता अरुणा लक्ष्मी भी आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गईं।
जनार्दन रेड्डी ने कहा, "आज मैं अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय करके बीजेपी में शामिल हो गया। मैं बहुत खुश हूं कि मैं तीसरी बार मोदी का समर्थन करने के लिए अपने घर वापस आया हूं। मैं बिना किसी शर्त के पार्टी में शामिल हुआ। मुझे किसी पद की जरूरत नहीं है।"

जनार्दन रेड्डी के बीजेपी में प्रवेश पर बीएस येदियुरप्पा ने कहा, "यह रेड्डी का बहुत अच्छा फैसला है। इससे हमारी पार्टी मजबूत होगी। सभी 28 सीटें जीतेंगे। उनकी पत्नी और दोस्त बीजेपी में शामिल हो गए हैं और यह हमारे लिए एक प्रोत्साहन है। पूरे दिल से मैं स्वागत करता हूं।"
जनार्दन रेड्डी ने भाजपा में शामिल होने से पहले रविवार 24 मार्च को कहा था कि, ''मैंने कल (सोमवार को) सुबह 10 बजे वरिष्ठ भाजपा नेताओं की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। भाजपा हमारी मां के समान है। मैंने केआरपीपी कार्यकर्ताओं के साथ उनकी राय लेने के लिए एक बैठक बुलाई है और सर्वसम्मति से भाजपा में शामिल होने का फैसला किया। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि वे मेरे साथ रहेंगे।''
पिछले साल के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जनार्दन रेड्डी ने अपनी पार्टी केआरपीपी बनाई थी और चुनाव लड़ा था। उन्होंने गंगावती विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी।
खनन घोटाले में गिरफ्तार होने और जेल भेजे जाने से पहले जनार्दन रेड्डी बीएस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में मंत्री थे।












Click it and Unblock the Notifications