केरल से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ चले, चुनाव से पहले इस नेता ने क्यों छोड़ दी कांग्रेस?
Karnataka Lok Sabha Election 2024: कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस के महासचिव डॉ शुश्रुत गौड़ा ने राज्य में पहले चरण के चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन कर ली। शुश्रुत गौड़ा भारत जोड़ो यात्रा में केरल से कश्मीर तक राहुल गांधी के साथ गए थे।
डॉ शुश्रुत गौड़ा मैसूर के एक नामी डॉक्टर हैं। वह मैसूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने एम लक्ष्मण को टिकट दे दिया। इस सीट पर शुक्रवार, 26 अप्रैल को देश में दूसरे चरण और कर्नाटक में पहले दौर में चुनाव हुआ है।

चुनाव से दो दिन पहले ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में हुए शामिल
गौड़ा मतदान से दो दिन पहले ही बीजेपी में शामिल हुए थे और पार्टी प्रत्याशी यदुवीर कृष्णादत्ता चामराज वाडियार की जीत सुनिश्चित करने का ऐलान किया था।
अमेरिका में प्रैक्टिस करते थे डॉ शुश्रुत गौड़ा
शुश्रुत गौड़ा के पिता डॉ एचसी विश्वमुर्ति एक समाजसेवी थे और वे मैसूर स्थित गोपाला गौड़ा शांतावेरी मेमोरियल अस्पताल के फाउंडर चेयरमैन थे। 2019 में भारत लौटने से पहले शुश्रुत गौड़ा अमेरिका में प्रैक्टिस करते थे।
9 अप्रैल को ही कांग्रेस ने बनाया था महासचिव
भारत लौटने के बाद उन्होंने ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के लिए काम करना शुरू किया। उन्हें 9 अप्रैल को ही कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया गया था।
मैसुरु से लड़ना चाहते थे लोकसभा चुनाव, कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया
बीजेपी में शामिल होने के बाद वे बोले कि उन्होंने पार्टी की ओर से टिकट देने से इनकार करने की वजह से कांग्रेस छोड़ी है। उन्होंने कहा, 'मैं मैसुरु लोकसभा सीट से टिकट का दावेदार था, लेकिन यह अवसर देने से मना कर दिया गया।'
बीजेपी को जिताने की बात कहते हुए पार्टी में शामिल हुए थे
उनके मुताबिक, 'मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम का प्रशंसक हूं। मैं बिना किसी शर्त के बीजेपी में शामिल हो रहा हूं। मैं यदूवीर को जिताने के लिए काम करूंगा।'
डीके शिवकुमार ने फोन नहीं उठाया- शुश्रुत गौड़ा
उनसे यह सवाल किया गया कि क्या उन्होंने कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं से संपर्क की कोशिश की तो वे बोले, 'बीजेपी में शामिल होने के बाद मैंने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने ने मेरा कॉल नहीं उठाया। उन्होंने दो मैसेज भेजे और मैंने उनमें से एक का जवाब दिया।'
कर्नाटक कांग्रेस के प्रवक्ता एचए वेंकटेश ने प्रेस के लिए जारी एक बयान में कहा कि गौड़ा पार्टी को मजबूत करने के लिए काम नहीं कर रहे थे और उनके बीजेपी में शामिल होने से कांग्रेस पार्टी पर किसी तरह से कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। कर्नाटक में शुक्रवार को पहले चरण का चुनाव हुआ है, जिसमें मैसूर भी शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications