कर्नाटक: हिजाब विवाद के बीच सिंदूर लगाकर कॉलेज पहुंची छात्रा को नहीं मिली एंट्री, बताई यह वजह
विजयपुरा, 19 फरवरी: देश में हिजाब को लेकर नई बहस छिड़ी हुई है। इस विवाद के बीच कर्नाटक के विजयपुरा शहर में सिंदूर लगाकर कॉलेज पहुंची एक छात्रा को एंट्री करने से रोक दिया। इसी के साथ छात्रा को कॉलेज में प्रवेश करने से पहले माथे से सिंदूर निकालने के लिए कहा गया। वहीं छात्रा के मना करने पर उसे घर जाने के लिए बोल दिया। इतना ही नहीं छात्रा को बताया गया कि माथे पर लगा सिंदूर हिजाब और भगवा गमछे की तरह विवाद पैदा कर सकता है।

बता दें कि कर्नाटक के उडुप्पी से शुरू हुए हिजाब विवाद ने पूरे राज्य के साथ पूरे देश में नई बहस को जन्म दे दिया है। इस बीच इस मामले पर सुनवाई कर रहे कर्नाटक हाई कोर्ट के अंतरिम आदेश और राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक हिजाब और भगवा गमछे को स्कूल-कॉलेजों में बैन कर दिया है, हालांकि इन आदेशों के बीच माथे पर सिंदूर लगाने पर किसी तरह की रोक नहीं है, लेकिन नई विवाद का हवाला देकर छात्रा को विजयपुरा के कॉलेज में प्रवेश देने से रोका गया है।
गौरतलब है कि हाई कोर्ट में कर्नाटक सरकार के आदेश को चुनौती देने वाली मुस्लिम लड़कियों के वकीलों ने तर्क दिया था कि हिजाब पहनना एक धार्मिक प्रथा है जैसे कि माथे पर सिंदूर लगाना, चूड़ियां पहनना। ऐसे ही सिखों की पगड़ी और रुद्राक्ष भी धार्मिक प्रथा का हिस्सा हैं।
इधर, सिंदूर लगाने पर अधिकारियों द्वारा रोकने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विजयपुरा जिले के सरकारी पीयूसी कॉलेज के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की खबर फैलते ही बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता कॉलेज के बाहर जमा हो गए और कॉलेज व शिक्षकों के खिलाफ नारेबाजी की।












Click it and Unblock the Notifications