'गलती नहीं की है तो डर क्यों? घर लौटें, जांच का सामना करें', जानिए किसने प्रज्वल रेवन्ना के लिए कहा ऐसा?
Prajwal Revanna Case: अश्लील वीडियो कांड के बाद कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने प्रज्वल रेवन्ना से परिवार की गरिमा बचाने के लिए घर लौटने की अपील की है। जेडीएस नेता ने अपने भतीजे से कथित तौर पर महिलाओं के यौन शोषण के कई वायरल वीडियो की जांच का सामना करने का आग्रह किया है।
एचडी कुमारस्वामी ने सोमवार को अपने भतीजे प्रज्वल रेवन्ना से भारत लौटने और सेक्स स्कैंडल मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने पेश होकर अपने परिवार की गरिमा बचाने की अपील की है।

पहले चरण के वोटिंग से पहले वीडियो कांड
कर्नाटक में 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण से पहले प्रज्वल रेवन्ना के कथित यौन शोषण के कई वीडियो सामने आने के बाद वो भारत छोड़कर जर्मनी चले गए। प्रज्वल रेवन्ना को गिरफ्तारी वारंट का सामना करना पड़ रहा है। मालूम हो कि प्रज्वल हासन सीट से जेडीयू-भाजपा के संयुक्त उम्मीदवार थे।
कुमारस्वामी ने निलंबित जेडीएस नेता से अपील करते हुए कहा कि, "भारत वापस आएं। हमारे परिवार की गरिमा बचाएं। उपस्थित हों और एसआईटी जांच में सहयोग करें। यदि आपने कोई गलती नहीं की है, तो डर क्यों?"
भाई के परिवार से बताए अपने संबंध
उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने भाई एचडी रेवन्ना और उनके परिवार से केवल विशेष अवसरों और त्योहारों के दौरान ही मिलते थे। पूर्व सीएम ने बताया कि हम एक-दूसरे के काम के बारे में कुछ नहीं जानते।
मामले की जांच के लिए कांग्रेस सरकार ने एसआईटी का गठन किया है। हालांकि, भाजपा और जद (एस) - एनडीए साझेदार ने मांग की है कि उन्हें सीबीआई को सौंप दिया जाना चाहिए और स्पष्ट वीडियो के प्रसार के पीछे के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
फोन टैपिंग के लगाए आरोप
कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि सरकार उनके परिवार के सदस्यों के फोन टैप कर रही है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कुमारस्वामी के फोन टैपिंग के दावों को खारिज कर दिया था।
बता दें कि प्रज्वल रेवन्ना पर बलात्कार, छेड़छाड़, धमकी, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप हैं। उसे पकड़ने के लिए इंटरपोल की ओर से उसके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications