CCTV कैमरा बना देवदूत: सीसीटीवी की मदद से गोकर्ण पुलिस ने इस ट्रिक से बच्चे की बचाई जान, देखें Video
Karnataka Gokarna Viral Video: घूमने-फिरने लोग जाते हैं तो कई बार जोश में होश गवां बैठते हैं। खूबसूरत नज़ारा देखते ही जान की परवाह किए बिना सेल्फ़ी लेने पहुँच जाते हैं। सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक दंपत्ति अपने एक साल से भी छोटे बच्चे को तेज हवाओं के बीच नदी के किनारे ले जाता है। बच्चे की जान को खतरा देखते ही दूर बैठी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से मौके पर जाए बिना ही जान बचा ली। जिस ट्रिक से बच्चे की जान बचाई उसकी जमकर तारीफ हो रही है।
बता दें कि कर्नाटक में प्री-मानसून के चलते राज्य भर की नदियों में जल स्तर काफी बढ़ गया है। तूफानी हवाओं और पानी के तेज प्रवाह के चलते नदी किनारे जाना बेहद खतरनाक है। लेकिन यह दंपत्ति जोश में आकर नन्हें बच्चे को लेकर नदी के पुल पर पहुंच जाते हैं हालांकि, कोई अनहोनी होने से पहले ही सूझबूझ दिखाते हुए पुलिस ने बच्चे की जान बचा ली।

गोकर्ण पुलिस ने इस ट्रिक से बच्चे की बचाई जान
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो गोकर्ण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगावली नदी पुल का है। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर कारवार के एसपी ने साझा किया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना 1 जून 2025 की दोपहर 1:20 बजे की है, जब गोकर्ण थाना के पास गंगावली नदी पुल पर एक पर्यटक दंपत्ति अपने छोटे बच्चे के साथ देखा गया। बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से जुड़े स्पीकर के ज़रिए खतरे का सायरन बजाया। सही समय पर दंपत्ति को अलर्ट किया गया और उन्हें वहाँ से हटा दिया गया। इसके बाद गोकर्ण पुलिस की जमकर सराहना हो रही है।
वीडियो में दिखा नज़ारा?
वीडियो में एक शख़्स कार रोककर अपने बच्चे को गोद में लेकर पुल के किनारे जाता दिखाई देता है। पीछे से उसकी पत्नी भी पहुँच जाती है। तेज़ हवा और पानी के तेज़ बहाव के बावजूद पिता बच्चे को पुल की रेलिंग पर बैठाकर पत्नी के साथ सेल्फ़ी लेने लगता है। जैसे ही सीसीटीवी कैमरे से बच्चे की जान को खतरे का अंदाज़ा होता है, पुलिस स्पीकर के ज़रिए सायरन बजाकर उन्हें अलर्ट कर देती है। सायरन सुनते ही दंपत्ति अपने बच्चे को लेकर तुरंत कार की ओर भागते हैं।
स्पीकर से लैस सीसीटीवी कैमरा क्या होता है?
दरअसल, यह ऐसा सीसीटीवी कैमरा होता है जिसके साथ एक स्पीकर भी जुड़ा होता है। यह कैमरा जहां लगा होता है, उस स्थान की आवाज़ को रिकॉर्ड करने के साथ-साथ स्पीकर के ज़रिए वहाँ मौजूद लोगों से संपर्क साध सकता है। गंगावली नदी पुल पर लगे इस कैमरे में भी स्पीकर जुड़ा था, जिसकी मदद से पुलिस ने समय रहते सायरन बजाकर दंपत्ति को अलर्ट किया और बच्चे की जान बचा ली।












Click it and Unblock the Notifications