'बिजली चोरी' के लिए पूर्व सीएम ने भरा 68,526 रुपए जुर्माना, लेकिन इस बात का किया विरोध
कर्नाटक के पूर्व सीएम एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को दिवाली के मौके पर गैरकानूनी तरीके से बिजली जलाने के मामले में 68,526 रुपए का जुर्मना भरा है। उनपर बेंगलुरु के जेपी नगर स्थित अपने आवास पर गलत तरह से बिजली का कनेक्शन जोड़ने का आरोप लगा था।।
जेडीएस के प्रदेश अध्यक्ष ने कथित 'बिजली चोरी' के लिए जुर्माना तो भर दिया है, लेकिन इस मामले में जिस तरह से जुर्माने की रकम जोड़ी गई है और उनके खिलाफ जिस तरह से एफआईआर दर्ज की गई है, उसके लिए विरोध जताया है।

बिजली ठेकेदार को बताया गलत कनेक्शन के लिए जिम्मेदार
जेडीएस नेता का आोप है कि वह राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ मुखर हैं, इसी वजह से उनके खिलाफ राजनीति हो रही है। बैंगलोर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी (BESCOM) के असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को लिखी चिट्ठी में उन्होंने इस घटना के लिए बिजली ठेकेदार को कसूरवार बताया है, जिसे उनके स्टाफ ने बुलाया था। उनके मुताबिक उसने बिना उनकी जानकारी में टेस्टिंग के लिए उनके घर के पास के बिजली के खंभे से सीधे कनेक्शन जोड़ लिया था।
सबकुछ बिना मेरी जानकारी में हुआ- कुमारस्वामी
उन्होंने कहा है कि जिस समय यह सब हुआ वे घर पर नहीं थे। उनके मुताबिक जैसे ही उन्हें पता चला, उन्होंने अपने स्टाफ से कहकर फौरन कनेक्शन हटवा दिया। उन्होंने कहा कि 'इलेक्ट्रिशन ने यह सबकुछ बिना उनकी जानकारी में अपने स्तर पर किया था।'
एफआईआर में गड़बड़ी-पूर्व सीएम
कुमारस्वामी का दावा है कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर में गड़बड़ी है, क्योंकि शिकायतकर्ता के रूप में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने कहा है कि उन्होंने निजी तौर पर चोरी होते हुए देखा है, जबकि तथ्य इससे अलग है।
कुमारस्वामी के मुताबिक उस इंजीनियर ने उनके सामने यही साफ किया था कि वे इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर वीडियो देखने के बाद निरीक्षण के लिए आए हैं।
'अन्यायपूर्ण और बहुत ज्यादा डिमांड'
कुमारस्वामी ने लिखा है, 'भुगतान के लिए अन्यायपूर्ण और बहुत ज्यादा डिमांड की स्थिति में, एक उपभोक्ता के तौर पर मेरा यह अधिकार है कि मैं अपनी चिंता जाहिर करूं और ऐसी व्यवस्था का विरोध करूं।'
'यह सब राजनीतिक वजहों से हो रहा है'
उन्होंने यह भी कहा है कि 'उनकी राय में उनके खिलाफ यह सब राजनीतिक वजहों से हो रहा है क्योंकि, उन्होंने विभिन्न माध्यमों से राज्य में बिजली के कुप्रबंधन को लेकर मौजूदा सरकार पर सवाल उठाए हैं।' उनके मुताबिक 'इसी वजह से सीएम-डिप्टी सीएम तक ने इलोक्ट्रॉनिक मीडिया पर बयान दिया है कि मैंने बिजली चोरी की है।'
कांग्रेस की ओर से कुमारस्वामी पर लगे हैं आरोप
बता दें कि कुमारस्वामी पिछले 14 नवंबर को तब कांग्रेस सरकार के निशाने पर आ गए थे, जब उनपर आरोप लगा था कि दिवाली के मौके पर अपने घर को रोशन करने के लिए उन्होंने चोरी की बिजली का इस्तेमाल किया था। कांग्रेस पार्टी ने एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसमें यह दिखाया गया था कि बिजली के एक पोल से सीधे उनके घर में कनेकश्न जोड़ा गया है।
कांग्रेस ने एक्स पर उनपर तंज कसते हुए लिखा था, 'दुनिया के एकमात्र ईमानदार व्यक्ति एचडी कुमारस्वामी के जेपी नगर आवास को बिजली के खंभे से सीधे अवैध बिजली कनेक्शन लेकर रोशन किया गया था। यह त्रासदी है कि एक पूर्व सीएम को गरीबी की वजह से बिजली चोरी करना पड़ा!' कांग्रेस ने उन्हें अपनी सरकार के मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने का सुझाव तक भी दे डाला था।(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications