कर्नाटक में भी हो सकता है खेला, पूर्व CM जगदीश शेट्टार की भाजपा में वापसी के बाद तेज हुई अटकलें
Jagadish Shettar: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और लिंगायत समाज के दिग्गज नेता जगदीश शेट्टार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। जगदीश शेट्टार सात महीने पहले ही अप्रैल 2023 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे और फिर भाजपा में वापस आ गए हैं।
जगदीश शेट्टार कर्नाटक विधानसभा चुनाव में टिकट कटने से नाराज होने के बाद भाजपा छोड़तक गए थे। दिल्ली भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में जगदीश शेट्टार भाजपा में शामिल हुए हैं।

जगदीश शेट्टार के इस कदम से कर्नाटक की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि आने वाले लोकसभा चुनाव-2024 में कर्नाटक में बड़ा खेला हो सकता है। कर्नाटक लोकसभा चुनाव में कुछ बड़ा फेरबदल होने की संभावनाएं हैं।
जगदीश शेट्टार के भाजपा में फिर से शामिल होने के बाद कर्नाटक की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। जैसे ही जगदीश शेट्टार के भाजपा में शामिल होने की खबर सामने आई, उसके फौरव बाद कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने लक्ष्मण सावदी से मुलाकात की। लक्ष्मण सावदी पिछले साल ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।
भाजपा में शामिल होने के बाद जगदीश शेट्टार ने क्या कहा?
भाजपा को छोड़ने के बाद जगदीश शेट्टार को कांग्रेस ने हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से टिकट दिया था। लेकिन वो चुनाव हार गए थे। जगदीश शेट्टार को भाजपा के महेश तेंगिनाकाई ने 34,289 वोटों से हराया था।
जगदीश शेट्टार ने भाजपा में आने के बाद कहा कि, ''मैं किसी कारण की वजह से कांग्रेस पार्टी में गया था। मेरे कुछ मुद्दे थे। पिछले 8-9 महीनों में चर्चा के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुझसे कहा कि, मुझे फिर से भाजपा में वापस आ जाना चाहिए...इसलिए मैं वापस आ गया। मैं इस विश्वास के साथ वापस आया हूं कि....नरेंद्र मोदी को फिर से पीएम बनना है।''
कांग्रेस की क्या है प्रतिक्रिया?
सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि, हमें नहीं पता कि वो भाजपा क्यों चले गए। उनके चुनाव हारने के बाद भी हमने उन्हें विधान परिषद का सदस्य बनाया और उनके साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया था।
दूसरी ओर प्रियांक खड़गे ने कहा है कि, जगदीश शेट्टार का कांग्रेस से जाना हमारे लिए कोई खतरे की घंटी या फिर झटके जैसी कोई बात नहीं है। कर्नाटक में भाजपा के पास नेतृत्व की कमी है...इसलिए शेट्टार की जरूरत उनको है, हमें नहीं।












Click it and Unblock the Notifications