Karnataka: 'PM मोदी, अमित शाह मेरे खिलाफ प्रचार करें, मैं कोलार से जीतूंगा', पूर्व CM सिद्धारमैया का दावा
कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आने दीजिए और मेरे खिलाफ प्रचार कीजिए। मैं निश्चित रूप से कोलार से जीतूंगा।

Karnataka Assembly Elections 2023: देश के 9 राज्यों में इस साल चुनाव होने वाले हैं। इन राज्यों में कर्नाटक भी शामिल है। ऐसे में राज्य में चुनावी की तैयारियों के बीच चुनाव प्रचार का काम भी अब तेजी पकड़ने लगा है। कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा की टक्कर देने के लिए कांग्रेस एक के बाद एक वादे कर रही है। इस बीच कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह तक को चुनौती दे दी है।
कोलार सीट से चुनाव लड़ने का फैसला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कोलार सीट से लड़ने का फैसला किया है। शनिवार को अपनी जीत को लेकर दावा करते हुए सिद्धारमैया ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनके खिलाफ प्रचार करते हैं तो भी वह निश्चित रूप से जीतेंगे।
पीएम मोदी, शाह को ओपन चैलेंजे
पूर्व मुख्यमंत्री ने उम्र और दूरी का हवाला देते हुए उत्तरी कर्नाटक में बागलकोट जिले के बादामी से अपने निर्वाचन क्षेत्र को कोलार में ट्रांसफर करने का फैसला किया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "बीएल संतोष (भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव), जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आने दीजिए और मेरे खिलाफ प्रचार कीजिए। मैं निश्चित रूप से कोलार से जीतूंगा।"
बादामी सीट से नहीं लड़ेंगे चुनाव
इस साल की शुरुआत में सिद्धारमैया ने साफ कर दिया था कि वह कोलार से चुनाव लड़ेंगे, जो कांग्रेस आलाकमान द्वारा अनुमोदन (अप्रूवल) के अधीन होगा। बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव मई के आसपास संभावित हैं। मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया बागलकोट जिले में बादामी सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। निर्वाचन क्षेत्रों को स्थानांतरित करने परउन्होंने पहले बदामी की बेंगलुरु से दूरी और लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को अधिक समय देने में उनकी "असमर्थता" का हवाला दिया था।
दो सीटों से लड़ा था चुनाव
पिछले चुनाव 2018 की बात करें तो सिद्धारमैया बादामी सीट से जीते थे, उनको भाजपा के बी श्रीरामुलु से सिर्फ 1,700 वोट ज्यादा मिले थे। हालांकि वह चामुंडेश्वरी से 36,000 से अधिक मतों के भारी अंतर से हार गए थे, यहां जद (एस) के उम्मीदवार जीटी देवेगौड़ा ने उनको हराया था।












Click it and Unblock the Notifications