Karnataka Election Results 2018: कांग्रेस का दुर्भाग्य, ज्यादा वोट शेयर के बाद भी हार गए चुनाव
नई दिल्ली। कर्नाटक में 222 सीटों के लिए हुए चुनाव में बीजेपी बहुमत के करीब पहुंचती दिख रही है। इस चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। देश में मोदी लहर का प्रभाव एक बार फिर से देखा जा रहा है। अगर कर्नाटक में दोनों पार्टियों के वोट शेयर की बात करें तो एक बेहद ही चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आ रहा है। कांग्रेस को इन चुनावों में वोट शेयर ज्यादा होने के बावजूद भी हार का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच वोट शेयर का एक प्रतिशत मतों का अंतर है।

विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 36.90 प्रतिशत मत मिले
बीजेपी देश के 21वें राज्य में अपनी सरकार बनाने जा रही है। कर्नाटक में हुए इस विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 36.90 प्रतिशत मत मिले हैं, जबकि कांग्रेस को कर्नाटक में 37.90 प्रतिशत मिले। दोनों ही पार्टियों के बीच मतों के अंतर को देखें तो एक प्रतिशत मतों का अंतर साफ तौर पर नजर आ रहा है। वोट शेयर में पीछड़ने के बावजूद भी बीजेपी ने कर्नाटक में बड़ी जीत का स्वाद चखा है। वहीं राज्य की तीसरी बड़ी पार्टी जेडीएस को इस चुनाव में 17.50 प्रतिशत वोट मिले हैं।

अन्य पार्टियों का वोट शेयर
राज्य में अन्य पार्टियों के वोट प्रतिशत की बात करें तो आईएनडी को 3.6 प्रतिशत, बीएसपी को 0.4 प्रतिशत, बीपीजेपी को 0.4 प्रतिशत, सीपीएम को 0.3 प्रतिशत, केपीजेपी को 0.3 प्रतिशत, एआईएमएईपी को 0.3 प्रतिशत और नोटा को 0.9 प्रतिशत मत मिले हैं। वोट शेयर के मामले में नोटा ने राज्य में 0.9 प्रतिशत वोटों के साथ पांचवे स्थान पर रहा।

कर्नाटक में येदुरप्पा बनाएंगे सरकार
हाल ही में संपन्न हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में 1952 के बाद सबसे अधिक 72.13 फीसदी मतदान हुआ था। 1985 के बाद आज तक राज्य में किसी भी पार्टी की दूसरी बार सरकार नहीं बन सकी है। 1985 में तत्कालीन जनता दल ने रामकृष्ण हेगड़े के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी। यह क्रम लगातार जारी है। क्योंकि कर्नाटक में बीजेपी येदुरप्पा के नेतृत्व में सरकार बनाने जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications