Karnataka Congress: CM के नाम को लेकर सस्पेंस बरकरार, ताजपोशी की तारीख आई सामने
Karnataka Congress CM Oath: कर्नाटक में प्रचंड जीत के बाद अभी तक सीएम के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि इससे पहले ताजपोशी की तारीख आ गई है।

Congress Wins Karnataka Election: कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बंपर जीत दर्ज की है। बीजेपी को 66 सीटों पर समेटकर खुद 135 सीटें पाने वाली पार्टी अब मुख्यमंत्री और विधायक दल की बैठक में जुटी है। अभी तक सीएम के नाम का ऐलान नहीं हो पाया है, लेकिन इस बीच नए सीएम की ताजपोशी कब होगी। इसका खुलासा हो गया है।
सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि सीएम के नाम को लेकर सस्पेंस के बीच गुरुवार को कर्नाटक को अपना नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री और कैबिनेट गुरुवार (18 मई) को शपथ लेंगे।
बेंगलुरू में CLP की बैठक
रविवार शाम को बेंगलुरू के शांगरी-ला होटल में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक है। जिसमें पूर्व सीएम सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार पहुंच गए हैं। इधर, दिनभर दोनों कांग्रेस दिग्गज नेताओं के घर समर्थकों का जमावड़ा देखने को मिला। समर्थकों ने सीएम बनाने को लेकर जमकर नारेबाजी की।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और नेता शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने सभी "समान विचारधारा" पार्टियों को भी निमंत्रण भेजा है।
एक दो दिन में तस्वीर होगी साफ
रिपोर्ट के मुताबिक जीत के बाद चल रहे सीएम के नाम को लेकर सस्पेंस और कर्नाटक कैबिनेट की अंतिम रूपरेखा एक या दो दिन में पूरी हो जाएगी।

कर्नाटक में करारी हार के बाद भाजपा दक्षिण के आखिरी गढ़ को भी खो चुकी है। कांग्रेस ने कुल 224 सीटों में से 135 सीटों पर कब्जा किया है, जबकि बीजेपी 66 पर रह गई। 2018 के चुनाव में बीजेपीा को 104 सीटें मिली थीं।

वोट शेयर में भी कांग्रेस को बहुत फायदा हुआ है। कांग्रेस को 42.9 फीसदी वोट शेयर हासिल हुआ है और बीजेपी को 36 फीसदी वोट मिले हैं।
मुख्यमंत्री कौन होगा? इस पर चर्चा
रविवार को बेंगलुरु के शांगरी-ला होटल में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक हो रही है। इस सीएलपी बैठक में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर एक प्रस्ताव पारित होगा। सूत्रों के मुताबिक आज ही कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जाएगा, लेकिन सभी विधायकों के विचारों का पता लगाने के लिए यह बैठक होगी।

इससे पहले रविवार को दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए खड़गे ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी और आलाकमान को रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके बाद आलाकमान सीएम के नाम की घोषणा करने में समय लेगा। इसी के साथ उन्होंने कहा कि कैबिनेट बनने के बाद हम अपने घोषणापत्र में जनता से किए सभी 5 वादों को लागू करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications