Karnataka Election result: ST के लिए आरक्षित एक भी सीट नहीं जीत सकी बीजेपी
Karnataka Election result: कर्नाटक में आदिवासियों के लिए रिजर्व सीटों पर भाजपा का एक भी उम्मीदवार नहीं जीता है। एक सीट जेडीएस को मिली है और सारी कांग्रेस जीत गई है।

Karnataka Election ST seats result: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के लिए आरक्षित एक भी सीट जीतने में नाकाम रही है। यही नहीं राज्य में अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित 36 सीटों में से भी 24 सीटें वह हार गई है।
एक भी आदिवासी सीट नहीं जीत सकी बीजेपी
कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा में कुल 51 सीटें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों के लिए रिजर्व हैं। इनमें से 36 एससी और 15 सीटें एसटी श्रेणी के लिए आरक्षित रखी गई हैं। बीजेपी एसटी श्रेणी की एक भी सीट नहीं जीत सकी है।
आरक्षण बढ़ाने का दांव भी नहीं आया काम
शनिवार को राज्य विधानसभा के जो चुनाव नतीजे आए उसमें पार्टी की सीटें 2018 के चुनाव के मुकाबले 104 से घटकर महज 66 रह गई हैं। भाजपा की बसवराज बोम्मई सरकार के कार्यकाल में अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण बढ़ाने का भी फैसला लिया गया, बावजूद इसके इनकी सीटों पर बीजेपी को करारी हार झेलनी पड़ी है।
एससी के लिए आरक्षित सीटों 12 भाजपा को
कांग्रेस को राज्य में 36 एससी सीटों में से 21 पर विजयी हासिल हुई है, वहीं भाजपा को इनकी 12 सीटें मिली हैं। एससी की 3 सीटें जेडीएस के खाते में गई हैं। भाजपा अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित 13 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही है।
Recommended Video
एससी की 15 में से 14 सीटें कांग्रेस को मिली
कांग्रेस ने एसटी के लिए रिजर्व 15 में से 14 सीटों पर कब्जा किया है और सिर्फ एक सीट देवदुर्ग जेडीएस के खाते में गई है। 2018 में भाजपा ने 51 आरक्षित सीटों में से 22 सीटें जीती थी। कांग्रेस ने अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित जो सीटें जीती हैं, वे हैं-यमकानमर्दी, शोरापुर, रायचूर ग्रामीण, मानवी, काम्पली, सिरुगुप्पा, बेल्लारी, संदूर, कुदलिगी, मोलाकलमुरु, चल्लकेरे, जगलुर, हेगदादेवनकोट और मास्की।
भाजपा को हुआ 38 सीटों का नुकसान
राज्य में 224 विधानसभा सीटों के लिए 10 मई को चुनाव हुए थे और 13 मई को वोटों की गिनती की गई। इसमें आखिरी परिमाम के अनुसार कांग्रेस को कुल 135 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा महज 66 सीटों पर सिमट गई। किंग मेकर बनने का सपना देख रही जनता दल सेक्युलर भी मात्र 19 सीटें ही ला पाई।
राज्य में इस बार सिर्फ 2 निर्दलयी और 2 अन्य उम्मीदवारों को विधानसभा पहुंचने का मौका मिला है। कांग्रेस का वोट शेयर करीब पांच फीसदी बढ़कर 42.88% हो गया है। जबकि, भाजपा का 36% रहा है। जेडीएस के वोट शेयर में भारी गिरावट आई है और उसे सिर्फ 13.29% वोट मिले हैं। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications