Karnataka Chunav result 2023: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने जहां किया प्रचार, वहां कैसा रहा भाजपा का हाल?
Karnataka Chunav result 2023: कर्नाटक चुनाव में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ इस बार ज्यादा समय नहीं दे पाए। लेकन, जहां दिया, वहां भी भाजपा खास नहीं कर सकी।

Karnataka Chunav result 2023: कर्नाटक चुनाव में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार प्रचार के लिए ज्यादा समय नहीं दे पाए। क्योंकि, उन्हें उत्तर प्रदेश में भी नगर निकायों और विधानसभा उपचुनावों को देखना था। लेकिन, मौजूदा जानकारी के मुताबिक फिर भी उन्होंने दो दिन कर्नाटक में बीजेपी के प्रचार अभियान के लिए समय निकाला।

योगी ने कर्नाटक में भी किया था प्रचार
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कम से कम दो दिन 26 अप्रैल और 30 अप्रैल को कर्नाटक में भाजपा के लिए प्रचार किया। उन्होंने वहां चुनाव सभाएं कीं और रोड शो भी किए। माफियाओं के खिलाफ सख्त छवि और हिंदुत्व का चेहरा होने की वजह से उनकी पार्टी कैडरों से बाकी राज्यों की तरह कर्नाटक में भी भारी डिमांड थी।

भाजपा की हर रणनीति हुई फेल
वैसे पूरे कर्नाटक के नतीजे देखने से ही साफ है कि भारतीय जनता पार्टी इस बार वहां हर रणनीति में मात खा चुकी है। कर्नाटक चुनाव से ठीक पहले बीजेपी ने मुस्लिमों के आरक्षण का कोटा खत्म करके ध्रुवीकरण की कोशिश की थी। हिजाब-हलाल का मुद्दा पहले ही चरम पर पहुंचा था। कांग्रेस ने भी बजरंग दल पर बैन का मुद्दा उठाकर ध्रुवीकरण का पक्का दांव चला।

Recommended Video
कर्नाटक में नहीं चला सीएम योगी का जादू
बहरहाल जानकारी के मुताबिक यूपी के सीएम योगी ने कर्नाटक में दो दिनों में कम से कम 9 विधानसभाओं को कवर किया। उन्होंने चुनावी रैलियां भी कीं और रोड शो भी किए। लेकिन, जानकारी के मुताबिक उन 9 सीटों में से भाजपा को महज 2 सीटों पर ही सफलता हाथ लगी है।

कांग्रेस को इन सीटों पर भी मिली जीत
बाकी सात में से 6 पर कांग्रेस के पंजे ने रंग जमाया और एक पर कल्याण राज्य प्रगति पक्ष के प्रत्याशी का परचम लहराया। चुनावी जानकार बताते हैं कि यह बात सही है कि योगी आदित्यनाथ हिंदुत्व के बहुत बड़े चेहरे हैं। उनकी प्रशासनिक छवि का भी लोहा पूरे देश में माना जाता है।

जातीय समीकरण का ही चला सिक्का
लेकिन, इस बार कर्नाटक में हिंदुत्व का सिक्का जम नहीं पाया और जातीय समीकरण का ही बोलबाला दिखा। बजरंग दल के मसले पर भी कांग्रेस को अल्पसंख्यकों का वोट गोलबंद करने में मदद मिली, लेकिन बीजेपी का बंजरंगबली वाला दांव नहीं चल पाया।
224 सदस्यीय कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस- 136, बीजेपी- 65 और जेडीएस-19 सीटों पर जीती है। दो सीटें निर्दलीयों के खाते में गई हैं और दो सीटों पर अन्य दलों की जीत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications