Karnataka Election: लिंगायत नेताओं से बोले येदियुरप्पा, जीतने नहीं चाहिए जगदीश शेट्टार
Karnataka Election: कर्नाटक में जगदीश शेट्टार को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। बीएस येदियुरप्पा ने साफ तौर पर कहा है कि शेट्टार को जीतना नहीं चाहिए, इसलिए दिन-रात मेहनत करेंगे।

Karnataka Election: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को जिस तरह से भाजपा ने टिकट देने से इनकार किया उसके बाद उन्होंने भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया और अब हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। लेकिन भाजपा और शेट्टार के बीच तनातनी अभी भी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
लिंगायत नेताओं संग बैठक
एक तरफ जहां शेट्टार आरोप लगा रहे हैं कि भाजपा ने मेरा नहीं बल्कि कर्नाटक के लोगों को अपमान किया है तो दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने लिंगायत नेताओं से मुलाकात के बाद कहा है कि हम दिन-रात मेहनत करेंगे और शेट्टार को जीतने नहीं देंगे।
किसी भी सूरत में शेट्टार ना जीतें
बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि हुबली में लिंगायत नेताओं के साथ काफी अहम मीटिंग हुई है। इस मीटिंग में तमाम बड़े लिंगायत नेताओं ने हिस्सा लिया, मैंने उनसे कहा कि पार्टी को मजबूत करना है, किसी भी सूरत में जगदीश शेट्टार को जीतना नहीं चाहिए। हमे इसके लिए रात-दिन मेहनत करना चाहिए। हम बड़ी रैली और जनसभा यहां करेंगे।
भाजपा ने महेश तेंगिकाई को बनाया उम्मीदवार
हुबली में पत्रकारों से बात करते हुए येदियुरप्पा ने कहा कि हम यहां कड़ी मेहनत करेंगे और इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि शेट्टार यहां से नहीं जीते। बता दें कि भाजपा ने हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से पार्टी के महासचिव महेश तेंगिकाई को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि यह जगदीश शेट्टार का गढ़ है।
दबाव में येदियुरप्पा
जिस तरह से येदियुरप्पा ने यह बयान दिया है उसपर पलटवार करते हुए जगदीश शेट्टार ने कहा कि अगर भाजपा ने येदियुरप्पा के बेटे को टिकट नहीं दिया होता तो वह इस तरह का बयान नहीं देते। वह निसंदेह दबाव में ऐसा बयान दे रहे हैं।
20-25 सीटों का होगा नुकसान
मैंने उनसे व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात की थी, उन्होंने कहा था कि पार्टी को मुझे (जगदीश शेट्टार) जरूर टिकट देना चाहिए नहीं तो पार्टी को नॉर्थ कर्नाटक में 20-25 सीटों का नुकसान हो सकता है।
मुझे लोगों का समर्थन मिल रहा
वहीं जगदीश शेट्टार ने कहा कि पिछले चुनाव में हुबली-धारवाड़ सेंट्रल में मुझे लोगों का समर्थन मिला था। मैं सातवीं बार यहां से चुनाव लड़ रहा हूं, जिस तरह का समर्थन मुझे यहां मिल रहा है उससे साफ है कि मेरे साथ भाजपा ने जिस तरह का बर्ताव किया है उससे लोग दुखी हैं।
मैंने भी पार्टी की सेवा की थी
जगदीश शेट्टार ने कहा कि मैं सिर्फ वजह जानता चाहता हूं कि आखिर मुझे टिकट क्यों नहीं दिया गया। मैंने भी पार्टी की सेवा की है, पार्टी को मजबूत किया है, उत्तर कर्नाटक में मैंने और अन्य नेताओं ने भाजपा को मजबूत किया। मैं सिर्फ यह जानना चाहता हूं कि जगदीश शेट्टार को टिकट क्यों नहीं दिया गया।
आखिर मुझे टिकट क्यों नहीं दिया
शेट्टार ने कहा कि मेरी उम्र 67 है, जबकि इन लोगों ने 74, 75, 76 वर्ष के उम्मीदवारों को टिकट दिया है। मेरे खिलाफ ना किसी भी तरह का आपराधिक केस, भ्रष्टाचार का केस नहीं है। मेरे खिलाफ कोई आरोप, कोई घोटाले का आरोप नहीं।
भाजपा पर खड़े किए सवाल
पार्टी ने प्रियंका को टिकट दिया है उनके खिलाफ 80 केस लंबित हैं। यह मेरे साथ धोखा नहीं है बल्कि यहां के लोगों के साथ धोखा है। बता दें कि टिकट नहीं मिलने से नाराज शेट्टार ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस में शामिल हो गए। अब कांग्रेस ने उन्हें हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से उम्मीदवार बनाया है।
10 मई को चुनाव
गौर करने वाली बात है कि कर्नाटक में सभी 224 विधानसभा सीटों पर चुनाव 10 मई को होगा। जबकि मतों की गणना 13 मई को होगी। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है।












Click it and Unblock the Notifications