कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, मशहूर अभिनेत्री भाजपा में शामिल
कन्नड़ फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री भावना रमन्ना ने कर्नाटक भाजपा के बेंगलुरू स्थित मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की।
नई दिल्ली। कर्नाटक की सत्ता के लिए छिड़े संग्राम में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। प्रचार के आखिरी दिन भाजपा ने जहां कई केंद्रीय मंत्रियों समेत यूपी, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों को चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतारा दिया, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला। इस सियासी उठापटक के बीच गुरुवार को मशहूर अभिनेत्री भावना रमन्ना कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गईं।

कांग्रेस में रह चुकी हैं भावना
कन्नड़ फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री भावना रमन्ना ने कर्नाटक भाजपा के बेंगलुरू स्थित मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण करते हुए भावना ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतिया जन-विरोधी हैं। इससे पहले लंबे समय तक भावना कांग्रेस पार्टी में रहीं।

कौन हैं भावना रमन्ना?
भावना रमन्ना कन्नड़ फिल्मों का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उनका असली नाम नन्दिनी रमन्ना है, लेकिन उनके फैंस उन्हें भावना के नाम से ही जानते हैं। कई कन्नड़ फिल्मों में काम कर चुकी भावना एक बेहतरीन भरतनाट्यम डांसर भी हैं। उन्हें अभी तक तीन कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं। भावना की एक फिल्म 'शांति' गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल है।

हाल में तेलुगू अभिनेत्री हुईं थी BJP में शामिल
आपको बता दें कि हाल ही में तेलुगु फिल्मों की अभिनेत्री माधवी लाथा भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं थी। करीब दस साल के फिल्मी कैरियर और सात फिल्में करने के बाद 30 साल की माधवी ने भाजपा में शामिल होकर सक्रिय राजनीति में उतरने का ऐलान किया। माधवी कुछ दिनों पहले कास्टिंग काउच और तेलुगु फिल्मों नें गैर-तेलुगु अभिनेत्रियों के काम करने को लेकर अपने बयान से चर्चा में आई थीं। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग होने की बात कही थी और अपने पहले डायरेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए थे।












Click it and Unblock the Notifications