Karnataka Crisis: अभी मुझे इस्तीफा देने की क्या जरूरत है: एचडी कुमारस्वामी
बेंगलुरू। कर्नाटक में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन की सरकार के बीच चल रही सियासी उठापटक के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने अपने पद से इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है। जिस तरह से 18 विधायकों ने अपना इस्तीफा दिया है, उसके बाद भाजपा लगातार मांग कर रही है कि एचडी कुमारस्वामी अपने पद से इस्तीफा दें। लेकिन कुमारस्वामी अभी भी लगातार दावा कर रहे हैं कि उनकी सरकार बचेगी और उनके पास पर्याप्त संख्या है।

जब कुमारस्वामी से पूछा गया कि क्या वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं तो उन्होंने कहा कि मुझे अभी इस्तीफा देने की क्या जरूरत है। उन्होंने कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीएस येदिरुप्पा का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जब 2009-10 में येदिरुप्पा प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस वक्त 18 विधायकों ने उनका विरोध किया था, जिसमे उनके मंत्री भी शामिल थे। लेकिन अंत में क्या हुआ। बता दें कि बीती रात इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि कुमारस्वामी आज कैबिनेट की बैठक बुला सकते हैं और कुमारस्वामी इस्तीफा देने की तैयारी कर रहे हैं।
कुमारस्वामी और कांग्रेस येदिरुप्पा पर आरोप लगाया है कि वह विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। बता दें कि कर्नाटक में विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रुप में उभरी थी। लेकिन भाजपा पूर्ण बहुमत के आंकड़े से दूर रह गई थी। जिसके बाद येदिरुप्पा को 48 घंटे के बाद मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था क्योंकि वह पूर्ण बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर सके थे। जिसके बाद कांग्रेस और जेडीएस ने अपने मतभेद भुलाकर गठबंधन की सरकार बनाई थी। लेकिन भाजपा ने इसे अपवित्र गठबंधन करार दिया था।












Click it and Unblock the Notifications