'ज्यादातर विधायकों ने मेरे पक्ष में की वोटिंग, मुझे आलाकमान पर पूरा भरोसा', सीएम पद को लेकर सिद्धारमैया
Karnataka Congress: कर्नाटक में जीत के बाद नए सीएम को लेकर बैठकों का दौर जारी है। ऐसे में सीएम पद के प्रबल दावेदार सिद्धारमैया ने कहा है कि मुझे पता है कि अधिकांश विधायकों ने मेरे पक्ष में मतदान किया है।

कर्नाटक में शानदार जीत के बाद राज्य के अगले मुख्यमंत्री को लेकर दिल्ली में आलाकमान का मंथन चल रहा है। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर कर्नाटक के लिए केंद्रीय पर्यवक्षकों ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार अगले 24 घटों के अंदर कर्नाटक के अगले सीएम के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई के सूत्रों के हवाले से बताया कि अगले 24 घंटों में कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। इससे पहले कर्नाटक के लिए कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने सीएम उम्मीदवार पर विधायकों की राय पर अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दी।
दिल्ली पहुंचे सिद्धरमैया
बताया जा रहा है कि ऐसे में अब अंतिम निर्णय पर पहुंचने के लिए यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से सलाह मशविरा किया जाएगा। इस बीच सीएम को लेकर चल रहे बैठकों के दौर के बीच पूर्व सीएम सिद्धारमैया शीर्ष नेतृत्व से मिलने दिल्ली पहुंचे गए हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद सिद्धरमैया ने पत्रकारों से बातचीत नहीं की।
'विधायकों ने मेरे पक्ष में मतदान किया'
हालांकि उन्होंने इंडिया टुडे के साथ अपनी बातचीत में इस का दावा किया है कि अधिकांश विधायकों ने उनके पक्ष में मतदान किया है। सिद्धारमैया ने अपने बयान में कहा,"मुझे पता है कि अधिकांश विधायकों ने मेरे पक्ष में मतदान किया है। मुझे आलाकमान पर पूरा भरोसा है।"
बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस के दो दिग्गज राज्य कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार और सिद्धरमैया सीएम की रेस में हैं। हालांकि आलाकमान किसके साथ जाएगा, इसके लिए एक दिन का इंतजार करना होगा।
कर्नाटक में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत
कर्नाटक में कांग्रेस ने बीजेपी को मात देते हुए विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस ने 135 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा केवल 66 जीत सकी और जनता दल-सेक्युलर 19 सीटों पर सिमट गई।












Click it and Unblock the Notifications