कर्नाटक में BJP-JDS की पदयात्रा से सहमी कांग्रेस सरकार! सिद्दारमैया उठा सकते हैं यह सियासी हथियार
Karnataka News: कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से जुड़े कथित घोटालों के खिलाफ बीजेपी-जेडीएस की बेंगलुरु से मैसूर तक की पदयात्रा से कांग्रेस असहज होती दिख रही है।
हो सकता है कि कर्नाटक में सत्ताधारी कांग्रेस विपक्ष की पदयात्रा से जनता का ध्यान हटाने के लिए पिछली सरकार पर अपनी ओर से लगाए गए आरोपों की जांच में तेजी ले आए। माना जा रहा है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से भी प्रदेश नेताओं को इसी तरह की हिदायत मिली है।

बीजेपी पर लगाए अपने ही आरोपों की कांग्रेस सरकार तेज कर सकती है जांच
कर्नाटक में जब कांग्रेस विपक्ष में थी, तब उसकी ओर से भाजपा सरकार और मुख्यमंत्रियों के खिलाफ कई आरोप लगाए गए थे। अब हो सकता है कि उसकी सरकार उन मामलों की जांच में तेजी लाना शुरू कर दे ताकि जनता का ध्यान भाजपा-जेडीएस की हफ्ते भर की पदयात्रा से हटाया जा सके।
सिद्दारमैया से इस्तीफे की मांग को लेकर बीजेपी-जेडीएस निकाल रही है पदयात्रा
कर्नाटक में विपक्षी गठबंधन कांग्रेस की सरकार के दौरान हुए कथित घोटालों को जनता के बीच तक ले जाने और मुख्यमंत्री सिद्दारमैया से इस्तीफे की मांग को लेकर यह पदयात्रा निकाल रहा है।
कर्नाटक सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर एनडीए का प्रदर्शन
कर्नाटक में विपक्षी एनडीए मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के परिवार को मैसूर में कथित तौर पर फर्जी तरीके से 14 महंगे प्लॉट आवंटित किए जाने और दलितों के लिए निर्धारित सरकारी फंड को हैदराबाद में अनधिकृत लोगों के खातों में गैर-कानूनी ट्रांसफर को लेकर मोर्चा खोले हुए है।
विपक्ष के खिलाफ कांग्रेस के अभियान को नहीं मिल पा रही धार!
कर्नाटक में कांग्रेस ने भी विपक्ष के खिलाफ एक अभियान शुरू कर रखा है। लेकिन यह अक्सर दोनों वोक्कालिगा नेताओं जेडीएस नेता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के निजी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में उलझकर रह जा रहा है।
भाजपा पर लगाए आरोपों की जांच में सुस्ती से कांग्रेस के शीर्ष नेता नाखुश!
जानकारी के मुताबिक विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जो आरोप लगाए थे, उसकी जांच की धीमी प्रगति को लेकर पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला भी काफी नाखुश हैं।
माना जा रहा है कि उन नेताओं ने ही प्रदेश नेतृत्व से कहा है कि अगर पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा और बसवराज बोम्मई के खिलाफ आरोपों की तेजी से जांच की होती तो आज भाजपा पदयात्रा निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पाती।
कांग्रेस के नेताओं को विपक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलने की हिदायत!
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने राज्य के सभी मंत्रियों से कहा है कि वह सरकार का सख्ती से बचाव करें और बीजेपी-जेडीएस के खिलाफ मोर्चा खोल दें, इसे सिर्फ सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार की जिम्मेदारी समझकर शांत न बैठे रहें।












Click it and Unblock the Notifications