सेल्फी ले रहे युवक पर भड़के कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार, सफाई में बोले- कभी-कभी गुस्सा आ जाता है
बेंगलुरु, दिसंबर 29। अक्सर अपने सख्त रवैये को लेकर विवादों में रहने वाले कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार फिर से चर्चाओं में हैं। दरअसल, मंगलवार को डीके शिवकुमार मांड्या जिले के शिवपुरा में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए गए थे। यहां शिवकुमार उस वक्त अपने एक समर्थक पर भड़क गए, जब वो उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। शिवकुमार ने उस युवक का हाथ पकड़ा और उससे फोन छीनने की कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो ANI ने जारी किया है।

शिवकुमार ने युवक को फटकार भी लगाई
वीडियो में देखा जा सकता है कि शिवकुमार के साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे एक युवक को उन्होंने जोर से झटक दिया और उसे वहां फटकार भी लगाई। इस दौरान सिक्योरिटी ने भी उस युवक को पीछे हटा दिया। शिवकुमार ने उस युवक पर गुस्सा भी किया।
शिवकुमार ने सफाई में कहा- कभी-कभी गुस्सा आ जाता है
आपको बता दें कि शिवकुमार की जब इस वीडियो को लेकर खिंचाई होने लगी तो उन्होंने इस पर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि कभी-कभी इंसान को गुस्सा आ जाता है और इसमें कुछ भी बुरा नहीं है। डीके शिवकुमार ने इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि हम जानते हैं कि किसी के भी हाथ में कुछ भी हो सकता है। आप जानते हैं कि राजीव गांधी के साथ क्या हुआ था। बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की चेन्नई के पास स्थित श्रीपेरुंबदूर में 21 मई, 1991 को एक महिला आत्मघाती हमलावर ने एक चुनावी रैली के दौरान हत्या कर दी थी।
इससे पहले अपने समर्थक को थप्पड़ लगा चुके हैं शिवकुमार
Recommended Video
आपको बता दें कि ये कोई पहला मौका नहीं है, जब डीके शिवकुमार ने इस तरह से पब्लिक प्लेस में अपना आपा खोया है। इससे पहले भी डीके शिवकुमार अपने समर्थकों पर भड़कते हुए दिखे हैं। इसी साल जुलाई में शिवकुमार के एक समर्थक ने उनके कंधे पर हाथ रखने की कोशिश की थी तो शिवकुमार ने उस समर्थक के थप्पड़ जड़ दिया था। बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था, "अगर कोई अपने हाथों को इधर-उधर रखता है तो क्या कहा जाएगा? लोग क्या कहेंगे? क्या हम इस तरह की अनुमति दे सकते हैं क्योंकि वह एक कार्यकर्ता है? इसे देखकर दूसरे क्या कहेंगे?"












Click it and Unblock the Notifications