अब सिद्धारमैया ने दी चुनौती, येदुरप्पा सरकार की उपलब्धियों पर 15 मिनट का भाषण देकर दिखाएं पीएम मोदी
सिद्धारमैया ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को लेकर दिए पीएम मोदी के बयान पर भी उनकी आलोचना की है
नई दिल्ली। कर्नाटक में सियासी पारा बढ़ते हुए अब चरम पर पहुंच गया है। विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सभी दलों ने पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। मंगलवार को पीएम मोदी ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी बिना पेपर देखे 15 मिनट तक कर्नाटक की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां बताकर दिखाएं। इसका जवाब कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने पीएम मोदी को एक नई चुनौती देकर दिया है। सिद्धारमैया ने बुधवार को पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि वह कर्नाटक में बीएस येदुरप्पा सरकार की उपलब्धियों पर 15 मिनट भाषण देकर दिखाएं। सिद्धारमैया ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भाषण के दौरान पेपर देख सकते हैं।

एचडी देवगौड़ा को लेकर दिए बयान की आलोचना
सिद्दारमैया ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को लेकर दिए पीएम मोदी के बयान पर भी उनकी आलोचना की है। सिद्धारमैया ने कहा, 'पीएम ने अचानक एचडी देवगौड़ा के लिए प्यार और सम्मान खोज लिया है। यह बहुत समय पहले की बात नहीं है जब पीएम मोदी ने कहा था कि वह देवगौड़ा को रिटायरमेंट होम भेज देंगे। क्या यह नया प्यार बीजेपी और जेडीएस के बीच गुप्त गठजोड़ का संकेत नहीं है ?'

पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर ऐसे साधा था निशाना
पीएम मोदी ने दी राहुल को चुनौती रैली में राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'वो मुझे चुनौती देते हैं कि अगर वो 15 मिनट संसद में बोले, तो मैं उनके सामने टिक नहीं पाऊंगा। वो सही कहते हैं, वो 'नामदार' हैं और हम 'कामदार' हैं, हम उनके सामने कहां टिक पाएंगे। आज मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वो हाथ में बिना कोई पेपर लिए 15 मिनट तक कर्नाटक सरकार के कामों पर बोलकर दिखाएं। वो चाहे हिंदी में, चाहे अंग्रेजी में या अपनी माता जी की मातृभाषा में ही 15 मिनट कर्नाटक की वर्तमान सरकार पर बोलकर दिखाएं। ये तो छोड़िए, वो 15 मिनट में पांच बार विश्वेश्वरैया ही बोलकर दिखा दें।'

22 मई को होगा मतदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। कर्नाटक में भाजपा को जीत दिलाने के लिए पीएम मोदी चामराज नगर, उडुपी और बेलगावी में चुनावी रैलियां कर रहे हैं। कर्नाटक में आने वाली 22 मई को राज्य की 224 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। 15 मई को वोटों की गिनती की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications