कर्नाटक: कुमारस्वामी का बड़ा बयान, मुझे बताया गया है कि नया मुख्यमंत्री 3 सितंबर को शपथ लेगा
नई दिल्ली। कर्नाटक की राजनीति में लगातार उठापटक का दौर जारी है। एक तरफ जहां पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने फिर से मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की है तो दूसरी तरफ मौजूदा मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने इसपर बड़ा बयान दिया है। कुमारस्वामी ने कहा मुझे बताया गया है कि नए मुख्यमंत्री 3 सितंबर को शपथ ग्रहण करेंगे। कुमारस्वामी के इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है और कयासों का दौर शुरू हो गया है।

कुमारस्वामी ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि मैं कबतक मुख्यमंत्री रहूंगा बल्कि यह जरूरी है कि जो काम मैंने बतौर मुख्यमंत्री किया है वह मेरे भविष्य को सुरक्षित करेगा। कुमारस्वामी का यह बयान ऐसे समय में आया जब खुद कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने फिर से प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की है। सिद्धारमैया के इस बयान पर कुमारस्वामी ने कहा था कि इस लोकतंत्र में कोई भी सीएम बन सकता है। हमारा लोकतांत्रिक सिस्टम है।
सिद्धारमैया ने कहा था कि विपक्ष ने एकजुट होकर उन्हें मुख्यमंत्री बनने से रोक दिया था। राजनीति में जाति और पैसे का बोलबाला हो गया है। 'मैंने सोचा था कि लोग मुझे एक बार फिर आशीर्वाद देंगे और मुझे मुख्यमंत्री बनाएंगे। दुर्भाग्यवश, मैं हार गया, लेकिन यह अंत नहीं है। राजनीति में जीत और हार आम हैं। लेकिन जब सिद्धारमैया के बयान पर विवाद बढ़ा तो उन्होंने कहा कि आप चाहें जो समझें। लेकिन मैंने कहा था कि हम (कांग्रेस) अगले चुनाव में फिर से सत्ता में वापसी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications