कर्नाटक सीएम बोले- पाक जिंदाबाद कहने वाली अमूल्या के नक्सलियों से संबंध, नहीं मिलनी चाहिए जमानत
नई दिल्ली। कर्नाटक सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि बेंगलुरू में एक रैली के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाली युवती के नक्सलियों से संबंध हैं। येदियुरप्पा ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, पाक जिंदाबाद के नारे लगाने वाली अमूल्या को जमानत नहीं मिलनी चाहिए। उसको कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
Recommended Video

येदियुरप्पा ने कहा, लड़की के पिता ने उसका बचाव नहीं करने की बात कही है। इससे साफ है कि वो नक्सलियों से जुड़ी है। गुरुवार को ही अमूल्या के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं अमूल्या लियोन के घर पर चिकमंगलूर में देर रात कुछ लोगों ने तोड़फोड़ भी की है।
गुरुवार को बेंगलुरू में नागिरकता संशोधन कानून के खिलाफ एक रैली में अमूल्या लियोन ने मंच से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे। इस दौरान मंच पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी भी मौजूद थे। ओवैसी और मंच पर मौजूद दूसरे लोगों ने तुरंत ही उसका माइक छीना था और उसे मंच से उतारा था।

लड़की को पुलिस के सुपुर्द करने के बाद ओवैसी ने इसकी निंदा की थी। असदुद्दीन ओवैसी ने मंच पर चढ़ी अमूल्या के बारे में कहा, मैं उसके बयान की निंदा करता हूं। हमारे लिए भारत जिंदाबाद था, जिंदाबाद रहेगा। उन्होंने कहा कि हम भारत के लिए हैं और किसी भी तरह दुश्मन देश का समर्थन नहीं करते।
अमूल्या के पिता ने भी अपनी बेटी की हरकतों की निंदा करते हुए कहा कि उसने बिल्कुल गलत किया। वहीं कर्नाटक के मंत्री सीटी रवि ने कहा कि मैं इस घटना की निंदा करता हूं। 'देशद्रोहियों' को क्षमा नहीं किया जाना चाहिए। उसके खिलाफ देशद्रोह का केस चलना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications