कर्नाटक: खड़गे के 'मोदी जहरीले सांप' वाले बयान पर भड़की भाजपा, कहा- हर दिन निचले स्तर पर जा रही कांग्रेस
कर्नाटक चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को लेेकर ऐसा विवादित बयान दे दिया कि मतदान के पहले नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने उनसे पूरे देश से माफी मांगने की मांग की है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे के द्वारा कर्नाटक में दिया गया बयान कांग्रेस के लिए बड़ी मुसीबत बन चुका है। कलबुगी में चुनाव प्रचार के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दे दिया। उन्होंने पीएम मोदी को जहरीला सांप कहा। जिसके बाद भाजपा ने उनको घेरते हुए जमकर आलोचना कर रहे हैं।
जानें पीएम मोदी पर खड़गे ने क्या की है टिप्पणी
बता दें मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को कर्नाटक के कलाबुरगी में भीड़ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि पीएम मोदी एक जहरीले सांप की तरह हैं और जो जहर का टेस्ट करने के लिए उसे चाटेंंग तो वो मर सकते हैं।
खड़गे के बयान पर भाजपा हुई आग-बबूला
शनिवार को कर्नाटक में होने वाले मतदान से पहले पीएम मोदी की यात्रा से पहले खड़गे की टिप्पणियों ने अब एक विवाद खड़ा कर दिया है। खड़गे के इस विवादित बयान पर बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस प्रमुख की खिंचाई की और कहा कि पार्टी हर दिन एक नए निचले स्तर पर जा रही है।
हताशा से पता चलता है कि कांग्रेस कर्नाटक में जमीन खो रही है
मालवीय ने दावा किया कि कर्नाटक में सबसे पुरानी पार्टी स्पष्ट रूप से जमीन खो रही है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे प्रधानमंत्री मोदी को 'जहरीला सांप' कहते हैं। सोनिया गांधी के 'मौत का सौदागर' से जो शुरू हुआ और उसका अंत कैसे हुआ, हम जानते हैं, कांग्रेस लगातार नई गहराईयों में उतरती जा रही है। हताशा से पता चलता है कि कांग्रेस कर्नाटक में जमीन खो रही है और यह जानती है।
बोम्मई बोले- उनका जहाज डूब रहा, कर्नाटक के लोग उन्हें सबक सिखाएंगे
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा खड़गे के मन में जहर है। यह पीएम मोदी और बीजेपी के प्रति पूर्वाग्रह से ग्रसित दिमाग है। इस तरह की सोच हताशा के कारण आती है क्योंकि वे उनसे राजनीतिक रूप से लड़ने में असमर्थ हैं और वे देख रहे हैं कि उनका जहाज डूब रहा है। कर्नाटक के लोग उन्हें सबक सिखाएंगे।
अनुराग ठाकुर ने कहा खड़गे को देश से माफी मांगनी चाहिए
वहीं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पीएम मोदी पर दिए गए बयान पर निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।
ये भाषा बताती है कि कांग्रेस किस स्तर तक गिर चुकी है
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अध्यक्ष हैं। वह दुनिया को क्या बताना चाहता है? पीएम नरेंद्र मोदी हमारे देश के पीएम हैं और पूरी दुनिया उनका सम्मान करती है और पीएम के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना दिखाता है कि कांग्रेस किस स्तर तक गिर गई है। हम चाहते हैं कि वह (खड़गे) देश से माफी मांगे।












Click it and Unblock the Notifications