रामचंद्र गुहा को अर्बन नक्सल कहकर भाजपा ने साधा निशाना, किया ये ट्वीट
बेंगलुरू। कर्नाटक की भाजपा सरकार इतिहासकार और लेखक रामचंद्र गुहा को लेकर ट्वीट करने पर विवादों में आ गई है। इस ट्वीट में गुहा को अर्बन नक्सली कहा गया है। भाजपा कर्नाटक के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया गया है। जिसमें लिखा है, 'सवाल- आप कौन हैं? जवाब- मैं अर्बन नक्सल रामचंद्र गुहा हूं, जो कि अंधेरे में साजिश रचता हूं और आम आदमी का जिससे कोई वास्ता नहीं।'

'उनकी पोल खुल चुकी है'
इसमें आगे लिखा है, 'वे हिंसा को भड़काने और अपने मास्टर्स के इशारे पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। अब उनकी पोल खुल चुकी है।' बता दें नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ कर्नाटक में विरोध प्रदर्शन हुआ था। जिसमें गुहा भी शामिल हुए।
30 लोग हिरासत में लिए गए थे
बेंगलुरू पुलिस ने इस प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी थी, बावजूद इसके शहर में मार्च निकाला जा रहा था। रामचंद्र गुहा भी प्रदर्शनकारियों के साथ मार्च में शामिल हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने गुहा सहित 30 लोगों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। गुहा ने हिरासत में लिए जाने के बाद कहा था, 'मुझे पुलिस ने इसलिए हिरासत में ले लिया है क्योंकि मैंने गांधी का पोस्टर पकड़ा हुआ था और प्रेस से संविधान के बारे में बोल रहा था।'

गुहा ने हिरासत को असंवैधानिक बताया
61 साल के गुहा ने खुद को हिरासत में लिए जाने को पूरी तरह 'असंवैधानिक' बताया और कहा कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। ये लोगों का लोकतांत्रिक अधिकार है। जिस दिन गुहा हिरासत में लिए गए तब का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वह कह रहे हैं, 'सीएए असंवैधानिक है।'












Click it and Unblock the Notifications