Bengaluru Bandh: बेंगलुरु एयरपोर्ट से 44 फ्लाइट्स कैंसिल, कावेरी विवाद पर राज्य सरकार ने बुलाई बैठक
Karnataka Bandh: तमिलनाडु के साथ कावेरी नदी के जल बंटवारे के विरोध में आज कर्नाटक बंद है। 30 से ज्यादा किसान समूहों, व्यापारिक और कन्नड़ समर्थक संगठनों ने सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। बेंगलुरु और मांड्या में बंद का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। कर्नाटक बंद से जुड़ी ताजा जानकारी जानने के लिए जुड़े रहें हमारे साथ...
बेंगलुरु एयरपोर्ट से 44 फ्लाइट्स कैंसिल
इस बीच बेंगलुरु एयरपोर्ट से उड़ान भरने और लैंड होने वाली 44 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई है। इस वजह से अब यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, हवाईअड्डे के अधिकारियों का कहना है कि परिचालन कारणों से उड़ानें रद्द कर दी गईं और यात्रियों को समय पर इसके बारे में सूचित किया गया था। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि कर्नाटक बंद के प्रभाव के कारण रद्दीकरण हुआ क्योंकि कई यात्रियों ने अपने टिकट रद्द कर दिए थे।

कावेरी मुद्दे पर राज्य सरकार ने बुलाई बैठक
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम और सिंचाई मंत्री डीके शिवकुमार आज कावेरी जल बंटवारे मुद्दे पर बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य की कानून व्यवस्था पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही विरोध प्रदर्शन को रोकने को लेकर भी मंथन होगा।
कावेरी नदी में खड़े होकर किसानों ने किया प्रदर्शन
कावेरी नदी का जल छोड़े जाने के मुद्दे पर तमिलनाडु के त्रिची में किसान संघ ने कावेरी जल में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। किसान तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी छोड़ने की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications