तो इस वजह से बीएस येदियुरप्पा आज ही बनाना चाहते हैं सरकार?
बेंगलुरु। कर्नाटक में कुमारस्वामी सरकार गिरने के तीन दिन बाद शुक्रवार को बीजेपी नई सरकार बनाने जा रही है। कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा शुक्रवार सुबह राज्यपाल वाजूभाई वाला से मिलने पहुंचे और बीजेपी की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया। उन्होंने राज्यपाल से शपथ ग्रहण समारोह आज ही आयोजित करवाने का आग्रह किया, जिसे राज्यपाल ने मंजूरी दे दी। येदियुरप्पा को कर्नाटक विधानसभा में 31 जुलाई तक बहुमत साबित करना होगा।

बीएस येदियुरप्पा का बयान
गुरुवार को बीएस येदियुरप्पा का बयान आया था कि वो दिल्ली के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं और आज उन्होंने सुबह-सुबह राज्यपाल के पास पहुंच कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया और ये भी बता दिया कि वो किस वक्त सीएम पद की शपथ लेंगे, इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा की तेजी ही दिखाई पड़ रही है, जिसकी वजह लोगों के समझ नहीं आ रही है, हालांकि राजनीतिक जानकार इस जल्दबाजी की एक खास वजह बता रहे हैं।

ऐसे में भाजपा अब इंतजार नहीं चाहती...
दरअसल गुरुवार देर रात स्पीकर ने तीन विधायकों को अयोग्य घोषित कर दिया है लेकिन अभी भी 14 विधायक ऐसे हैं, जिन पर फैसला होना बाकी है, जिन पर वक्त लग सकता है।
भाजपा है सेफ जोन में
ऐसे में भाजपा अब इंतजार नहीं चाहती क्योंकि अगर विधायकों का इस्तीफा स्वीकार हो गया तो फिर उन्हें बीजेपी उपचुनाव लड़ाकर 113 का मैजिक नंबर हासिल कर सकती है लेकिन अगर विधायक अयोग्य ठहरे तो फिर संख्या बल का आंकड़ा और कम होगा और भाजपा अपना बहुमत आसानी से साबित कर लेगी।

येदियुरप्पा का ये चौथा कार्यकाल होगा
ऐसे में भाजपा को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं है और यही वजह है कि बीएस येदियुरप्पा जल्द से जल्द सीएम पद की शपथ लेना चाहते हैं, कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका चौथा कार्यकाल होगा।
येदियुरप्पा ने की संघ नेताओं की मुलाकात
नई सरकार गठन की कोशिशों के बीच येदियुरप्पा बेंगलुरु के चामराजपेट में संघ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि मैं संघ परिवार के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद लेने आया हूं और इस मुलाकात के बाद ही बीएस ने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications