Karnataka Election: कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देकर भारत के संविधान की अवमानना की- राजनाथ सिंह
Karnataka Assembly Election 2023: आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी बिसात बिछाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी लगातार जारी है।

Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक राज्य के बेलगाम जिले स्थित बेलगावी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को कांग्रेस पर जमकर गरजे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देकर भारत के संविधान की अवमानना की है। 1975 में मनमाने तरीके से संविधान में संशोधन कर आपातकाल लगाकर लाखों की संख्या में लोगों को जेल में डाल दिया। बीजेपी (भारतीय जनता पार्टी) कभी ऐसा पाप नहीं कर सकती चाहे सत्ता मिले या न मिले।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि भ्रष्टाचार इतना है कि अगर मैं 100 पैसा भेजता हूं, तो लोगों को 14 पैसा मिलता है, लेकिन PM मोदी के नेतृत्व में हम अगर किसानों के खाते में 10 हजार रुपए भेजते हैं, तो उन्हें 10 हजार ही मिलते हैं।
दो दिन पहले गरजे थे राहुल
इससे पहले यानी बीते सोमवार को बेलगावी में ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी गरजे थे। उन्होंने रामदुर्ग में एक रैली के दौरान केंद्र की मोदी सरकार को घेरा था। कहा था कि जीएसटी, सिर्फ अमीरों को फायदा पहुंचाने के लिए ही लागू की गई। राहुल ने वादा किया कि अगर केंद्र में हमारी सरकार आएगी तो जीएसटी को बदल देंगे। देश में सिर्फ एक ही टैक्स 'कम-से-कम टैक्स' लागू किया जाएगा।
224 विधानसभा सीटों पर 10 मई को मतदान
आपको बता दें कि कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीटों पर विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसकी तारीखों का ऐलान हो चुका है। 10 मई 2023 को मतदान होगा, वहीं 13 मई को नतीजे जारी हो जाएंगे। ऐसे में सभी राजनीतिक दलों का कर्नाटक में जमघट सा लगा हुआ है। वोट बैंक को बटोरने के लिए वादों और दावों का सिलसिला बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications