Vikram Batra Mother Passed Away: कारगिल हीरो शहीद विक्रम बत्रा की मां का निधन, CM सुक्खू ने जताया गहरा शोक
Kargil Hero Vikram Batra Mother Passed Away: एक दुखद खबर हिमाचल से है, कारगिल हीरो शहीद विक्रम (Shaheed Vikram Batra) बत्रा की मां कमलकांत बत्रा अब हमारे बीच में नहीं रहीं। 77 वर्षीय कमलकांत बत्रा का दिल का दौरा पड़ने से बुघवार को निधन हो गया।

उन्होंने पालमपुर में अंतिम सांस ली, अपने पीछे वो अपने पति और एक बेटे को छोड़ गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वो पिछले काफी वक्त से बीमार चल रही थीं। उनका अंतिम संस्कार आज पालमपुर में किया जाएगा।
परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की मां के निधन पर हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स यानी ट्विटर पर शोक संदेश लिखा है।
माता जी को श्रीचरणों में स्थान दें
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि 'शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा जी की माता श्रीमती कमलकांत बत्रा जी के निधन की दु:खद सूचना मिली। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि माता जी को श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को अपार दुःख सहने की क्षमता दें।ॐ शांति!'
प्रदेश भाजपा ने भी शोक जताया
तो वहीं कमलकांत बत्रा के निधन पर प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा कि 'स्वर्गीय कमलकांत बत्रा ने देश को महान सपूत दिया था, देश हमेशा उनका कृतज्ञ रहेगा, श्रीहरि उनको अपने चरणों में जगह दें। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मैं ऊपर वाले से प्रार्थना करता हूं और साथ ही उनसे ये भी कहता हूं कि वो परिवार को दुख सहने की हिम्मत प्रदान करे।'
साल 2014 में लोकसभा चुनाव लड़ा था
आपको बता दें कि कमलकांत बत्रा ने साल 2014 में लोकसभा चुनाव भी लड़ा था। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी लेकिन इसके बाद ही उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
कारगिल युद्ध (1999) के महानायक थे विक्रम बत्रा
शहीद विक्रम बत्रा कारगिल युद्ध (1999) के महनायक हैं, दिल मांगे मोर.. कहते हुए उन्होंने कारगिल युद्ध में पाकिस्तानियों की बैंड बजा दी थी। परमवीर चक्र विजेता की जिंदगी पर फिल्म 'शेरशाह' बनी थी जिसमें लीड रोल हीरो सिद्धार्थ मल्होत्रा ने निभाया था। फिल्म के प्रमोशन के दौरान कैप्टन विक्रम बत्रा के पिता जीएल बत्रा और उनकी मां कई टीवी शो में दिखाई दिए थे, जिनमें से एक टीवी शो 'इंडियन आइडल' भी था , जिसमें वो अपने बेटे को याद करके काफी इमोशनल भी हो गई थीं।












Click it and Unblock the Notifications