'हार गईं देश की बेटियां...', बृजभूषण शरण सिंह की जगह बेटे को टिकट मिलने पर बोलीं साक्षी मलिक
उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह की जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को इस बार पार्टी ने टिकट दिया है।
छह बार के सांसद बृजभूषण शरण सिंह जिस तरह से विवादों में रहे उसकी वजह से पार्टी ने उनके बेटे करण भूषण को कैसरगंज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

लेकिन करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद जिन पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला था, उन्होंने नाराजगी जाहिर की है।
बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष थे। उनपर पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया था और कई दिनों तक सड़क पर प्रदर्शन किया था। महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
लेकिन अब भाजपा की ओर से बृजभूषण शरण सिंह के छोटे बेटे करण भूषण को कैसरगंज से टिकट दिया गया है। करण भूषण को टिकट मिलने के बाद पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि भारत की बेटियां हार गईं, बृजभूषण जीत गए।
साक्षी ने कहा कि हम सभी ने अपने करियर को दांव पर लगाया, कई दिन सड़क पर बिताए, लेकिन अभी तक बृजभूषण शरण सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया। हम सिर्फ न्याय की मांग कर रहे थे, लेकिन गिरफ्तारी तो दूर, उनके बेटे को टिकट मिल गया है, जिसने करोड़ों भारत की बेटियों के हौसले को तोड़ दिया है।
टिकट परिवार में ही रहा, आखिर एक आदमी के आगे सरकार इतनी कमजोर क्यों हैं। आप क्या सिर्फ भगवान राम के नाम पर वोट चाहते हैं, आखिर उनके बताए रास्ते पर चलने का क्या हुआ।
साक्षी मलिक की मां सुदेश मलिक ने कहा कि हम सभी बहुत आहत और निराश हैं। पहलवानों को अभी तक न्याय नहीं मिला है और करण को टिकट मिल गया, यह दर्शाता है कि हमारी किसी को फिक्र नहीं है।
मेरी बेटी ने प्रदर्शन के दौरान कुश्ती को छोड़ दिया। बजरंग और विनेश निराश होकर अपना राष्ट्रीय सम्मान लौटा दिया। लेकिन अब ऐसा लगता है कि सबकुछ खत्म हो गया।












Click it and Unblock the Notifications