कपिल मिश्रा रविवार सुबह 11 बजे करेंगे आम आदमी पार्टी से जुड़े दो-तीन बड़े खुलासे
कपिल ने कहा कि रविवार को सुबह 11 बजे वह दो-तीन बड़े खुलासे भी करेंगे और फिर उन मामलों को लेकर सीबीआई के पास भी जाएंगे।
नई दिल्ली। आज कपिल मिश्रा के सत्याग्रह का दूसरा दिन है। अपने सत्याग्रह के दूसरे दिन उन्होंने मीडिया के सामने कहा है कि बुधवार शाम को उन पर जिस व्यक्ति ने हमला किया था वह भाजपा का नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी का ही एक कार्यकर्ता है। दरअसल, बुधवार शाम को कपिल मिश्रा पर एक शख्स ने हमला किया था, लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका और पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

आपको बता दें कि कपिल मिश्रा पर इस हमले के कुछ समय बाद ही आम आदमी पार्टी की तरफ से कुछ तस्वीरें दिखाते हुए कहा गया कि वह शख्स भाजपा सदस्य है। इस पर कपिल मिश्रा ने कहा कि आखिर इतनी जल्दी आपने यह सब कैसे किया? क्या आप पहले से ही तस्वीर लिए बैठे थे? कपिल मिश्रा ने कहा कि दरअसल जिस शख्स ने उन पर हमला किया वह आम आदमी पार्टी का ही कार्यकर्ता था।
रविवार को करेंगे दो तीन बड़े खुलासे
कपिल मिश्रा ने कहा कि वह आज दोपहर 12 बजे एसीबी के पास जाएंगे और टैंकर घोटाले से जुड़ी कुछ जानकारियां उन्हें देंगे। इतना ही नहीं, कपिल ने कहा कि रविवार को सुबह 11 बजे वह दो-तीन बड़े खुलासे भी करेंगे और फिर उन मामलों को लेकर सीबीआई के पास भी जाएंगे।
क्या है कपिल मिश्रा की मांग?
कपिल मिश्रा के सत्याग्रह पर बैठने का कारण उनकी एक मांग है। वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग कर रहे हैं कि आम आदमी पार्टी के 5 मंत्रियों के विदेशी दौरों का ब्योरा सार्वजनिक किया जाए। यह बताया जाए कि वह कहां-कहां और किस काम से गए थे। साथ ही यह भी बताया जाए कि इसमें कितने पैसे खर्च हुए।












Click it and Unblock the Notifications