Kanjhawala Case: गृह मंत्रालय ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने को कहा: सूत्र
नए साल की रात में जिस तरह से दिल्ली में कार सवारों ने युवती को टक्कर मारने के बाद उसे कई किलोमीटर तक घसीटा उसके बाद गृह मंत्रालय ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने के लिए कहा है।

Kanjhawala Case: दिल्ली के कंझावला में जिस तरह से कार सवारों ने महिला को रौंदकर ना सिर्फ मारा बल्कि उसे कई किलोमीटर तक अपनी कार से घसीटते रहे उसके बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग उठ रही है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए। दरअसल जांच कमेटी ने इस मामले में अपनी जो रिपोर्ट दायर की है उसका संज्ञान लेते हुए गृह मंत्रालय ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने को कहा है। जांच कमेटी की अध्यक्षता स्पेशल कमिश्नर शालिनी सिंह ने की थी।
सूत्रों के अनुसार इस अपराध की प्रकृति और मौजूदा सबूतों के आधार पर पुलिस को इस मामले की जांच धारा 302 के तहत करनी चाहिए। जिस तरह से इस घटना के सामने आने के बाद लोगों ने इसके खिलाफ प्रदर्शन किया, उसके बाद गृह मंत्रालय ने जांच के आदेश दे दिए थे। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया कि वह उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई करे जो अपनी ड्यूटी उस रात ठीक से नहीं कर सके। इसके साथ ही गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से कहा कि तीनों पीसीआर वैन में जो पुलिसकर्मी तैनात थे उन्हें सस्पेंड किया जाए।
अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय ने पुलिस को नोटिस जारी करते हुए कहा कि पीसीआर वैन को देख रहे सुपरवाइजर अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। गौर करने वाली बात है कि 1 जनवरी को 20 वर्षीय अंजली की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया था, जिसमे देखा जा सकता है कि युवती की स्कूटी को कार ने टक्कर मारी, जिसके बाद अंजलि कार में फंस गई और कार सवार कई किलोमीटर तक उसे घसीटते रहे, जिसकी वजह से युवती की मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पता था कि कार में लड़की फंसी है फिर भी ये लोग उसे घसीटते रहे। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि वह घटना क्षेत्र के डीसीपी से इस मामले में सफाई मांगे और उनसे कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्टीकरण देने को कहें। कानून व्यवस्था को ठीक करने के लिए कार्रवाई करने की जरूरत है ताकि लोग खासकर महिला और बच्चे निर्भीक माहौल में रह सके। बता दें कि अंजलि एक निजी कपनी में काम करती थी, नए साल की रात में वह अपनी स्कूटी से दोस्त निधि के साथ एक पार्टी से वापस लौट रही थी इसी दौरान बलेनो सवारों ने उसे टक्कर मार दी और कई किलोमीटर तक उसे घसीटते रहे।












Click it and Unblock the Notifications