करणी सेना पर भड़कीं कंगना रनौत, कहा- 'मैं भी राजपूत हूं, बर्बाद कर दूंगी'
नई दिल्ली। कंगना रनौत की फिल्म 'मणिकर्णिका : द क्वीन ऑफ झांसी' (Manikarnika: The Queen Of Jhansi) को करणी सेना की धमकी के बाद इस पर हंगामा बढ़ने लगा है। पूरे मामले को लेकर फिल्म की अभिनेत्री कंगना रनौत सामने आई हैं और उन्होंने करणी सेना को चेतावनी देते हुए कहा कि मैं भी एक राजपूत हूं और अगर फिल्म की रिलीज के बीच में आए तो बर्बाद कर देंगे। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि फिल्म को रिलीज होने के लिए सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (Central Board Of Film Certification) ने प्रमाण पत्र भी दिया है। बावूजद इसके करणी सेना फिल्म को लेकर तंग कर रहे हैं।

कंगना रनौत ने दी करणी सेना को चेतावनी
कंगना रनौत की फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' अगले हफ्ते शुक्रवार (25 जनवरी) को रिलीज हो रही है। हालांकि रिलीज से पहले महाराष्ट्र करणी सेना ने इसके खिलाफ आवाज बुलंद की है। संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' के बाद करणी सेना ने 'मणिकर्णिका' के खिलाफ प्रदर्शन की धमकी दी है। मणिकर्णिका फिल्म रानी लक्ष्मीबाई की बायोपिक पर आधारित है, जिसमें कंगना रनौत खुद रानी लक्ष्मीबाई का किरदार अदा कर रही हैं।

'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' को लेकर विवाद
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र करणी सेना की ओर से फिल्म के प्रोड्यूसर, डायरेक्टर को पत्र भेजा गया है, जिसमें कहा गया है कि फिल्म में रानी लक्ष्मीबाई के किरदार को गलत तरीके से पेश किया गया है। उनकी नाराजगी इससे है कि उन्हें लगता है कि फिल्म में लक्ष्मीबाई के एक ब्रिटिश ऑफिसर से रिलेशन को दिखाया गया है, इसी पर उन्होंने आपत्ति जताई है। इतना ही नहीं उनका दावा है कि फिल्म में रानी लक्ष्मीबाई को एक गाने पर डांस करते हुए दिखाया गया है, जो सभ्यता के खिलाफ है।

करणी सेना ने दी है तोड़फोड़ और प्रदर्शन की धमकी
इसी को लेकर करणी सेना ने फिल्म निर्माताओं को धमकी देते हुए कहा कि अगर पहले फिल्म उन्हें नहीं दिखाई गई तो वो सिनेमाघरों में तोड़फोड़ करेंगे और फिल्म रिलीज नहीं होने देंगे। हालांकि करणी सेना की धमकी के खिलाफ कंगना रनौत ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा, "मैं किसी से डरी नहीं हैं और बिना लड़े हिम्मत नहीं हारूंगी।"

'मैं किसी से डरी नहीं हैं और बिना लड़े हिम्मत नहीं हारूंगी'
कंगना ने कहा, ''चार इतिहासकारों ने फिल्म 'मणिकर्णिका' देखी है, फिल्म को रिलीज होने के लिए सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन से सर्टिफिकेट भी लिया है। इस बारे में करणी सेना को भी बताया गया है, लेकिन वो लगातार हमें परेशान कर रहे हैं। अगर वे नहीं रुके तो उन्हें भी पता होना चाहिए कि मैं भी राजपूत हूं और उनमें से एक-एक को नष्ट कर दूंगी।'' बता दें कि मणिकर्णिका 25 जनवरी को रिलीज हो रही है। ये कंगना का ड्रीम प्रोजेक्ट है। मणिकर्णिका से कंगना बतौर डायरेक्टर भी डेब्यू कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications