जया बच्चन ने संसद में कंगना रनौत पर किया हमला, जवाब में एक्ट्रेस ने कहा- एक दिन अभिषेक लटके हुए मिलते तो...
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत बीते कुछ समय से अपने ट्वीट्स और इंटरव्यू को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। उन्होंने ना केवल मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा, बल्कि बॉलीवुड में फैले नेपोटिजम, गैंगिजम और ड्रग्स को लेकर भी कई बड़े खुलासे किए। जिसका बहुत से बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने विरोध किया। अब संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन दिग्गज अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद जया बच्चन ने कंगना पर जमकर निशाना साधा है। वहीं कंगना ने भी जया बच्चन की इन बातों का जवाब ट्वीट करके दिया है।
Recommended Video

कंगना ने क्या कहा?
कंगना रनौत ने अपने ट्वीट में जया बच्चन के संसद के वीडियो को रीट्वीट करते हुए लिखा है, 'जया जी क्या आप यही बात तब भी कहतीं अगर मेरी जगह आपकी बेटी श्वेता को टीनेज में पीटा जाता, ड्रग्स दिए जाते और मॉलेस्ट किया जाता। क्या आप तब भी यही बात कहतीं अगर अभिषेक लगातार तंग किए जाने और उत्पीड़न की शिकायत करते और एक दिन फांसी पर लटके हुए पाए जाते? हमारे लिए भी थोड़ी दया दिखाओ।'

जया बच्चन ने क्या कहा था?
दरअसल समाजवादी पार्टी से सांसद जया बच्चन ने संसद में कहा, 'जिन लोगों ने फिल्म इंडस्ट्री में अपना नाम बनाया है उन्होंने इसे गटर बुलाया, मैं पूरी तरह इससे असहमत हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि सरकार इन लोगों को बताए जिन्होंने इससे अपना नाम और प्रसिद्धि कमाई कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना बंद करें। मैं बहुत शर्मिंदा थी कि कल हमारे एक सांसद ने लोकसभा में फिल्म इंडस्ट्री के खिलाफ बोला, जो खुद इंडस्ट्री से हैं। ये शर्म की बात है, 'जिस थाली में खाते हैं उसमें छेद करते हैं।' गलत बात है, इंडस्ट्री को सरकार का समर्थन चाहिए।' एक दिन पहले भाजपा सांसद रवि किशन ने इस मामले में अपनी बात रखी थी।

रवि किशन- जया जी से ये उम्मीद नहीं थी
जया बच्चन के ऐसा कहे जाने के बाद रवि किशन ने कहा, 'मुझे जया जी से ये उम्मीद नहीं थी। मुझे लगा था कि मेरे कल के व्यक्तव्य पर जया जी आज समर्थन देंगी या तो उन्होंने मेरी बात सुनी ही नहीं। उनकी पार्टी अलग है, उनकी विचारधारा अलग है। मेरी पार्टी भाजपा है, हमारी विचारधारा है गंदगी को देश से साफ करना। जितनी फिल्म इंडस्ट्री उनकी (जया बच्चन की) है उतना हक इस इंडस्ट्री पर मेरा भी है, मैं इंडस्ट्री को खोखला होने नहीं दूंगा भले मेरी जान चली जाए।'

'भारी मन के साथ आज मुंबई से रवाना हो रही हूं'
कंगना एक दिन पहले ही मुंबई से मनाली लौटी हैं। उन्होंने मुंबई से रवाना होने से पहले दो ट्वीट किए थे और महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा था। कंगना ने कहा था, 'भारी मन के साथ आज मुंबई से रवाना हो रही हूं, जिस प्रकार मुझे लगातार आतंकित किया गया है, मेरे ऑफिस को तोड़ने के बाद मेरे घर को तोड़ने की कोशिश में लगातार मुझे गालियां दी गईं, हमले किए गए, मेरे चारों ओर घातक हथियारों के साथ सतर्क सुरक्षा थी, इसलिए मुझे ये कहना चाहिए कि पीओके को लेकर मेरी कही गई बात सही थी।' अपने एक अन्य ट्वीट में कंगना रनौत ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसमें कहा है, 'जब रक्षक ही भक्षक होने का एलान कर रहे हैं धड़ियाल बन लोकतंत्र का चीरहरण कर रहे हैं, मुझे कमजोर समझ कर बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं! एक महिला को डरा कर उसे नीचा दिखाकर, अपनी इमेज को धूल कर रहे हैं!!'

'जब जान बची तो लाखों पाए'
वहीं चंडीगढ़ पहुंचते ही कंगना ने कहा था, 'चंडीगढ़ मे उतरते ही मेरी सिक्यरिटी नाम मात्र रह गयी है, लोग खुशी से बधाई दे रेही हैं, लगता है इस बार मैं बच गयी, एक दिन था जब मुंबई में मां के आंचल की शीतलता महसूस होती थी आज वो दिन है जब जान बची तो लाखों पाए, शिव सेना से सोनिया सेना होते ही मुंबई में आतंकी प्रशासन का बोल बाला।'

'सुरक्षा को बढ़ाया भी जा सकता है'
वहीं जब एक वकील ने कंगना को मिली वाई कैटिगरी सिक्योरिटी पर सवाल उठाए तो उन्होंने कहा, 'ब्रिजेश जी सुरक्षा उस आधार पर नहीं दी जाती कि मैं और आप क्या सोचते हैं, आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) खतरे की जांच करता है, उसके आधार पर सुरक्षा के ग्रेड का फैसला होता है, भगवान की कृपा से आने वाले दिनों में हो सकता है कि सुरक्षा पूरी तरह हट जाए या फिर अगर आईबी को रिपोर्ट ठीक नहीं मिलती तो सुरक्षा को बढ़ाया भी जा सकता है।'












Click it and Unblock the Notifications