'सामना' ने कंगना रनौत को बताया-देशद्रोही, मेंटल और बेईमान, मोदी सरकार पर भी साधा निशाना
नई दिल्ली। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को प्लांड मर्डर कहने वाली बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत ने इस वक्त बॉलीवुड और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। मुंबई की तुलना पीओके से करके लोगों के निशाने पर आई कंगना रनौत और शिवसेना के बीच जबरदस्त ढंग से वाक युद्ध जारी है, तो वहीं आज शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' में कंगना रनौत को देशद्रोही, मेंटल और बेईमान कहा गया है, 'सामना' के संपादकीय में कंगना रनौत के बयानों की कड़ी निंदा की गई है।

'सामना' में कंगना को बताया गया देशद्रोही
यही नहीं संपादकीय में कंगना को बेईमान और देशद्रोही कहा गया है और मोदी सरकार पर देशद्रोही को सुरक्षा देने का आरोप लगया गया है। 'सामना' में ये भी लिखा है कि मुंबई की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से करना और मुंबई पुलिस को माफिया बोलना एक मेंटल केस वाले व्यक्ति के लक्षण हैं, खाकी वर्दी का अपमान करना बिगड़ी हुई मानसिकता ke जीता-जागता प्रमाण है।

शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' में मोदी सरकार पर भी हमला
शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' में कंगना के लिए लिखा है कि अहमदाबाद, गुड़गांव, लखनऊ, वाराणसी, रांची, हैदराबाद, बेंगलुरु और भोपाल जैसे शहरों के बारे में अगर कोई अपमानजनक बयान देता तो केंद्र ने उसे वाई सुरक्षा की पालकी दी होती क्या? यह महाराष्ट्र के भाजपाई स्पष्ट करें।

राजद्रोह का समर्थन करना भी 'हरामखोरी'
'सामना' में ये भी लिखा है कि राजनीतिक एजेंडे को सामने लाने के लिए देशद्रोही पत्रकार और सुपारीबाज कलाकारों के राजद्रोह का समर्थन करना भी 'हरामखोरी' ही है, जो लोग महाराष्ट्र के बेईमानों के साथ खड़े हैं, उन्हें 106 शहीदों की बद्दुआ तो लगेगी ही, लेकिन राज्य की 11 करोड़ जनता भी उन्हें माफ नहीं करेगी! , 'मुंबाई' माता का अपमान करनेवालों के नाम महाराष्ट्र के इतिहास में डामर से लिखे जाएंगे। बेईमान कहीं के! ये लोग अब राष्ट्रभक्ति का तुनतुना न बजाएं, बस इतनी ही अपेक्षा है!।

कंगना ने किया Tweet
मालूम हो कि मुंबई के लिए सवार होने से पहले पहले ट्वीट किया कि 'मैंने फिल्म के जरिए रानी लक्ष्मीबाई के साहस,शौर्य और बलिदान को जिया है।' उन्होंने कहा कि गलत के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाती रहूंगी। गौरतलब है कि कंगना ने कहा था कि उन्हें जान का खतरा है इसलिए उन्हें हाल ही में वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली है।
कंगना ने अमित शाह को बोला था -Thank You
जिसके लिए कंगना ने ट्वीट करके गृहमंत्री अमित शाह का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था कि ये प्रमाण है की अब किसी देशभक्त आवाज को कोई फासीवादी नहीं कुचल सकेगा, मैं @AmitShah जी की आभारी हूं वो चाहते तो हालातों के चलते मुझे कुछ दिन बाद मुंबई जाने की सलाह देते मगर उन्होंने भारत की एक बेटी के वचनों का मान रखा, हमारे स्वाभिमान और आत्मसम्मान की लाज रखी, जय हिंद।

'मेंटल वूमेन को महाराष्ट्र में रहने का कोई अधिकार नहीं'
मालूम हो कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले को लेकर कंगना काफी मुखर रही हैं और शिवसेना के संजय राउत और उनके बीच बयानबाजी सुर्खियों में है। संजय राउत ने तो एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कंगना रनौत को मेंटल कहा था, उन्होंने कहा था 'मेंटल वूमेन ने मुंबई और पुलिस का अपमान किया है, उसे महाराष्ट्र में रहने का कोई अधिकार नहीं है। और ये बयान पहले ही बेझिझक होकर महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने दे दिया है। इसका पालन होना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications