कमलेश तिवारी को क्या मिली हुई थी पुलिस सुरक्षा, डीजीपी ने दिया ये जवाब
लखनऊ। हिंदू समाज पार्टी के प्रमुख कमलेश तिवारी की हत्या के बाद हड़कंप मचा हुआ है। इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी ओपी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कमलेश तिवारी हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कमलेश तिवारी हत्याकांड में यूपी और गुजरात पुलिस की टीम ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। इन आरोपियों के नाम मौलाना मोहसिन शेख, फैजान और खुर्शीद अहमद पठान हैं, इन तीनों से पूछताछ की जा रही है।

तीन आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
डीजीपी ने बताया कि मौके से मिला मिठाई का डिब्बा हमारी जांच में अहम सुराग बना। उन्होंने बताया कि दो और संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि, उनपर नजर रखी जा रही है। डीजीपी ने बताया कि घटना के तार इतनी दूर से जुड़े होने के बावजूद अभी तक इसका कोई आतंकी कनेक्शन सामने नहीं आया है। डीजीपी ने बताया कि इस हत्या की साजिश रशीद पठान ने रची थी।
सुरक्षा के सारे इंतजाम किए थे गए थे- डीजीपी
इस दौरान डीजीपी ओपी सिंह ने सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया। डीजीपी ने कहा, 'कमलेश तिवारी की सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए थे, उन्हें (कमलेश तिवारी को) एक गनर और एक पुलिसकर्मी दिया गया था और वे दोनों उनके साथ थे।' डीजीपी ने कहा कि सुरक्षा के मामले पर पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई ढिलाई नहीं बरती गई।' वहीं, उन्होंने बताया कि पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगी थी, इसमें मिठाई खरीदते वक्त के दौरान आरोपियों की शिनाख्त की गई।

रशीद पठान ने रची हत्या की साजिश
डीजीपी ने कहा कि आरोपी खास कपड़े पहनकर आए थे। रशीद पठान को कंप्यूटर की जानकारी है और वह दर्जी का काम करता है। कमलेश तिवारी हत्याकांड में हिरासत में लिए गए दूसरे शख्स मौलाना मोहसिन शेख की उम्र 24 साल है। जबकि तीसरे शख्स का नाम फैजान है और उसकी उम्र 21 साल है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर गिरफ्तार किए गए आरोपियों को लखनऊ लाकर पूछताछ करेंगे। बता दें कि दोनों हमलावरों ने कमलेश तिवारी के घर पर चाय पीने के बाद उनका गला रेत दिया और फरार हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications