केआरके ने दिग्गज एक्टर्स के सामने रखा प्रस्ताव, बॉलीवुड को मेरे रिव्यू से बचाना है तो ये काम करना होगा..
नई दिल्ली, 22 जून। फिल्मों और एक्टर्स को लेकर अपने बयान की वजह से अक्सर चर्चा में रहने वाले कमाल आर खान ने इंडस्ट्री के दिग्गजों से बॉलीवुड को बचाने की अपील की है। केआरके ने वरुण धवन, ऋतिक रोशन, कार्तिक आर्यन, अभिषेद बच्चन और आयुष्मान खुराना से अपील की है कि वो बॉलीवुड को बचाने के लिए आगे आएं। कमाल खान ने कहा कि अगर ये सितारे मेरी फिल्म में काम करते हैं तो मैं वादा करता हूं कि मैं फिल्मों की समीक्षा करना बंद कर दूंगा। कमाल खान ने अपील की है कि इन सितारों को मेरे द्वारा निर्देशित या निर्मित फिल्म में काम करें।

कई स्टार्स को ट्वीट करके की अपील
केआरके ने कई ट्वीट करके इन दिग्गज सितारों से अपील की है कि वो मेरी फिल्म में काम करें। उन्होंने कहा कि अगर ये सितारे मेरी फिल्म में काम करने के लिए तैयार होते हैं तो वो ऐसा करके बॉलीवुड को बचा सकते हैं। मैं सच में फिल्मों की समीक्षा बंद कर देना चाहता हूं, मैं उस दिन से फिल्मों की समीक्षा को रोक दूंगा जिस दिन मैं अपनी फिल्म डायरेक्ट या प्रोड्यूस करूंगा। लिहाजा मैं रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, ऋतिक रोशन,आर्यन कार्तिक, आयुष्मान खुराना, वरुण धवन, जॉन अब्राहम से अपील करता हूं कि मेरी और पूरे बॉलीवुड की मदद कीजिए।

बॉलीवुड को मेरे रिव्यू से बचाना है तो मेरी फिल्म में काम करो
एक अन्य ट्वीट में केआरके ने कहा कि बॉलीवुड के लोगों को यह समझना चाहिए वो मुझे फिल्मों की समीक्षा करने से रोक नहीं सकते हैं। वो कोर्ट के जरिए या किसी भी तरह की धमकी देकर मुझे नहीं रोक सकते हैं। वो मुझे सिर्फ अपील करके ही रोक सकते हैं, वो दुनिया के नंबर-1 फिल्म क्रिटिक को स्वीकार करके ही रोक सकते हैं। अगर आपमे से कोई एक मेरी फिल्म करके पूरे बॉलीवुड को मेरी समीक्षा से नहीं बचाना चाहता है तो इससे साफ है कि आप बॉलीवुड से प्यार नहीं करते हैं। इसका मतलब है कि आप चाहते हैं कि मैं रिव्यू देता रहूं और आप मजे लेते रहो।

सलमान खान ने भेजा नोटिस
बता दें कि केआरके एक फिल्म में काम कर चुके हैं, जिसका नाम देशद्रोही था, इसके अलावा वह भोजपुरी फिल्म मुन्ना पांडे बेरोजगार, में भी काम कर चुके हैं, वह इन दोनों ही फिल्मों के प्रोड्यूसर भी थे। हाल ही में केआरके ने सलमान खान की फिल्म राधे की समीक्षा की थी, जिसके बाद सलमान खान की ओर से उन्हें कानूनी नोटिस भेजा गया है। सलमान खान के वकील का कहना है कि समीक्षा में मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं, इसी संदर्भ में यह नोटिस भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications