भाजपा का दूल्हा मंडप पर, कांग्रेसी दूल्हा घोड़ी पर
नई दिल्ली। लाल कृष्ण आडवाणी और नरेंद्र मोदी के बीच क्या चल रहा है, यह तो जग जाहिर है, लेकिन भाजपा के लिये सबसे खराब यह है कि अब विरोधी दल इस मुद्दे का मजाक बनाने लगे हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मध्य प्रदेश कांग्रेस की चुनाव समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को विश्वास है कि 2014 में कांग्रेस की जीत होगी और राहुल गांधी एक बड़ी भूमिका में देश के सामने आयेंगे। इस पर जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या कांग्रेस की बारात में राहुल गांधी घोड़ी पर चढ़ गये हैं, तो ज्योतिरादित्य ने कहा कि भाजपा का दूल्हा तो मंडप पर बैठ चुका है, लेकिन बाराती शादी को तैयार नहीं हैं।

ज्योतिरादित्य ने यह बात टीवी चैनल आजतक से सीधी बात में कही। उनसे पूछा गया कि क्या 2014 में कांग्रेस जीतेगी, तो सिंधिया ने कहा कि जरूर जीतेगी और राहुल गांधी एक बड़ी भूमिका में देश के सामने आयेंगे। इसी दौरान उन्होंने भाजपा में लाल कृष्ण आडवाणी और पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाते हुए कहा कि दूल्हा (मोदी) मंडप पर (पीएम पद की उम्मीदवारी) बैठ गया है, लेकिन बाराती (आडवणी कैम्प) शादी के लिये तैयार नहीं हो रहे हैं।

उनसे पूछा गया कि राहुल गांधी को लेकर क्या प्लान है, तो उन्होंने इशारों ही इशारों में बता दिया कि कांग्रेस अपना पीएम उम्मीदवार चुनाव के बाद घोषित करेगी। यानी अगर कांग्रेस जीतती है, तभी वो अपना पीएम चुनेगी। हालांकि उन्होंने जिस तरह राहुल गांधी का नाम लिया, उससे साफ है कि वही कांग्रेस के पीएम कैंडिडेट होंगे।












Click it and Unblock the Notifications