मणिपुर विधानसभा चुनाव: दूसरे चरण में सिर्फ एक दागी उम्मीदवार
एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश में हर दल की लिस्ट में दागी उम्मीदवार बड़ी संख्या में हैं। वहीं मणिपुर में दूसरे चरण में लड़ रहे उम्मीदवारों में सिर्फ एक के ऊपर केस दर्ज है।
इंफाल। इस समय देश में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों के साथ चुनाव की वजह से मणिपुर में चुनाव की बहुत ज्यादा चर्चा नहीं हो रही है लेकिन मणिपुर चुनावों में संभवत: एक शानदार रिकॉर्ड बनने जा रहा है। एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश के चुनाव में मुख्य दल- भाजपा, बसपा और सपा आपराधिक रिकॉर्ड वाले नेताओं को चुनाव लड़ाने की रेस लगाती दिख रही हैं। वहीं मणिपुर में दूसरे चरण में जो 98 उम्मीदवार मैदान में हैं। उनमें से सिर्फ एक उम्मीदवार ऐसा है, जिसके ऊपर आपराधिक मामला दर्ज है।

मणिपुर में दो चरणों में चुनाव हो रहे हैं। दूसरे चरण की 22 सीटों पर आठ मार्च को वोट डाले जाएंगे, जिसके लिए कुल 98 उम्मीदवार मैदान में हैं। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इन 98 उम्मीदवारों ने जो शपथ-पत्र चुनाव आयोग को दिए हैं। उनके अनुसार सिर्फ एक उम्मीदवार के खिलाफ क्रिमिनल केस विचाराधीन है। भाजपा के टिकट पर केकचिंग विधानसभा सीट से लड़ रहे मयंगलंबम रामेश्वर सिंह ने खुद पर एक केस होने की बात शपथ-पत्र में कही है। ये केस संपत्ति में बेईमानी से जुड़ा है। किसी एक चरण में चुनाव लड़ रहे 98 में से एक उम्मीदवार के खिलाफ केस होना संभवत एक रिकॉर्ड हो सकता है।
पहले चरण में भी 167 में से आठ दागी
सिर्फ दूसरा चरण की नहीं पहले चरण में भी दूसरे राज्यों के मुकाबले मणिपुर में साफ छवि के उम्मीदवार मैदान में हैं। मणिपुर में पहले चरण की 38 सीटों पर चार मार्च को मतदान है। पहले चरण में 167 उम्मीदवार हैं, जिनमें आठ उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले होने का जिक्र किया है। जिसमें तीन के खिलाफ रेप, हत्या जैसे गंभीर मुकदमें हैं। इस तरह से मणिपुर विधानसभा की 60 सीटों के लिए सभी दलों के 265 उम्मीदवारों में से नौ उम्मीदवारों पर आपराधिक मुकदमें हैं। जो उत्तर प्रदेश की स्थिति देखने पर बहुत बेहतर मालूम होता है।
वहीं दूसरे चरण में करोड़पति उम्मीदवारों की बात करें तो 98 में से 29 करोड़पति हैं। इनमें कांग्रेस के आठ, भाजपा का एक, एपीपी के पांच, एनपीएफ का एक, एमएनडी के दो, और नौ निर्दलीय उम्मीदवार करोड़पति हैं। औसतन हर उम्मीदवार के पास 1.33 करोड़ की संपत्ति है। कांग्रेस के अल्फर्ड एस आर्थर 36 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे चरण के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशी एआईटीसी के कामेविलियम को काबुई हैं, जिनके पास 13,000 की संपत्ति है। 11 प्रत्याशियों ने पैन की डिटेल नहीं दी है।
पढ़ें- मणिपुर विधानसभा चुनाव: पहले चरण में 54 करोड़पति और 8 दागी उम्मीदवार मैदान में












Click it and Unblock the Notifications