Tripura में टीवी पत्रकार शांतनु भौमिक की रिपोर्टिंग के दौरान हत्या, धारा 144 लागू
अगरतला। त्रिपुरा के मंडई में दो राजनीतिक पार्टियों के बीच हुई भिड़त को कवर करने गए एक टीवी पत्रकार की बुधवार को चाकू घोंप कर हत्या कर दी गई।

'दिन रात' न्यूज चैनल में काम करने वाले पत्रकार, शांतनु भौमिक इंडीजिनस पीपुल्स फोरम ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के कार्यकर्ताओं द्वारा मंडई में किए जा रहे आंदोलन को कवर करने गए थे। पुलिस अधीक्षक अभिजीत सप्तर्षि ने बताया कि आंदोलन कवर करने के दौरान शांतनु पर पीछे से चाकू से हमला किया गया। शांतनु को तत्काल अगरतला के मेडिकल कॉलेज मे इलाज के लिए भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शांतनु के इस हत्या के पीछे आईपीएफटी पार्टी के कार्यकर्ताओं का हाथ बताया जा रहा है। त्रिपुरा के स्वास्थ्य मंत्री बादल चौधरी ने शांतनु की हत्या की निंदा की है। शांतनु की हत्या के बाद से इलाके में तनाव है। सरकार ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा है।
बता दें कि मंडई में मंगलवार को सीपीआई-एम की आदिवासी विंग त्रिपुरा राजेर उपजाति गणमुक्ति परिषद कार्यकर्ताओं पर हमले किए गए थे जिसके बाद से इलाके में धारा 144 लागू है। इस हमले के पीछे भी आईपीएफटी पार्टी के कार्यकर्ताओं का हाथ बताया जा रहा है। फिलहाल मंडई में स्थिति तनावपूर्ण है।












Click it and Unblock the Notifications