लोनी मामला: बॉम्बे हाईकोर्ट से पत्रकार राणा अय्यूब को राहत, मिली 4 हफ्ते की अग्रिम जमानत
मुंबई, 21 जून: गाजियाबाद के लोनी में बुजुर्ग के साथ पिटाई के केस में यूपी पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर रखा है। साथ ही उसकी ओर से गलत जानकारी फैलाने के लिए कई पत्रकारों को नोटिस जारी किया गया था। जिस वजह से उन पर गिरफ्तारी का खतरा मंडरा रहा है। अब इस मामले में पत्रकार राणा अय्यूब को बड़ी राहत मिली है, जहां बॉम्बे हाईकोर्ट ने गाजियाबाद पुलिस की ओर दर्ज किए गए एक मामले में उन्हें चार हफ्ते की अग्रिम जमानत दे दी।

दरअसल 18 जून को पत्रकार राणा अय्यूब ने लोनी मामले को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की थी। जिसमें अग्रिम जमानत की मांग की गई। सुनवाई के दौरान बेंच ने कहा कि पत्रकार को न्यायिक सुरक्षा दी जा सकती, ताकी वो अदालत का दरवाजा खटखटा सकें। इस वजह से उनकी चार हफ्ते की अग्रिम जमानत मंजूर कर दी गई। हालांकि जमानत की ये अवधि अस्थायी है।
मामला क्या है?
गाजियाबाद पुलिस ने 15 जून को पत्रकार मोहम्मद जुबैर, राणा अय्यूब, तीन कांग्रेस नेता और लेखिका सबा नकवी समेत 8 के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक ताबीज को लेकर कुछ युवकों ने एक मुस्लिम बुजुर्ग की पिटाई कर दी। उनका कहना था कि बुजुर्ग द्वारा बनाई ताबीज काम नहीं करती है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे धार्मिक रंग दे दिया गया। जिस वजह से दंगा भड़काने, धर्मों में दुश्मनी बढ़ाने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, आपराधिक साजिश रचने समेत कई आरोपों के तहत 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications