Lockdown: वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा पर गए 400 श्रद्धालुओं को एक शेल्टर में किया गया शिफ्ट
वैष्णो देवी की यात्रा पर गए 400 श्रद्धालुओं को शेल्टर में किया गया शिफ्ट
जम्मू। कटरा में वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा पर गए करीब 400 श्रद्धालु जम्मू में शिव मंदिर रेलवे स्टेशन के पास फंस गए थे। 22 मार्च को कटरा से करीब 50 किमी दूरी पर उनकी ट्रेनें रद्द कर दी गई थीं। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, उन्हें 28 मार्च को केरन बनतालाब के एक शेल्टर में शिफ्ट कर दिया गया था। बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए 22 मार्च (रविवार) को पीएम मोदी ने पूरे देश में जनता कर्फ्यू की अपील की थी।

इसके पहले, खबर आई थी कि वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा पर गए बिहार के 400 से अधिक श्रद्धालुओं ने बिहार और केंद्रशासित प्रदेश की सरकार से अनुरोध किया है कि उनको अपने गृहनगर जाने के इंतजाम किए जाएं। एक तीर्थयात्री का कहना था कि वे आवास के लिए भुगतान कर रहे हैं, लेकिन अब उनको जगह खाली करने के लिए कहा जा रहा है। हममें से कुछ लोग बीमार हैं और बच्चे घर पर हैं।
22 मार्च को जनता कर्फ्यू के दौरान पीएम मोदी ने लोगों से अपील की थी कि वे अपने घरों से बाहर ना निकलें और कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इस दौरान देशभर में ट्रेनों और विमानों का संचालन भी रोक दिया था। इसके दो दिन बाद पीएम मोदी ने पूरे देश में लॉकडाउन का ऐलान किया था। 21 दिनों के लॉकडाउन के ऐलान के बाद ट्रेन, बस, विमान सेवाएं 14 अप्रैल तक स्थगित कर दी गई हैं।
24 मार्च रात 12 बजे को लागू हुए लॉकडाउन के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में कई फंस गए थे। वहीं, लॉकडाउन के कारण बड़ी संख्या में मजूदरों का भी पलायन हुआ है। कामकाज बंद होने के कारण इन मजदूरों के सामने रहने और खाने का संकट पैदा हो गया जिसके बाद बड़ी संख्या में मजदूर, दिल्ली, हरियाणा, गुजरात, महाराष्ट्र से अपने-अपने राज्यों के लिए पैदल ही निकल पड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications