झारखंड का फाइनल रिजल्ट: महागठबंधन ने जीतीं 47 सीटें, 25 पर सिमटी भाजपा
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 (Jharkhand election result 2019) के चुनावी मैदान में जेएमएम (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के नेतृत्व वाले गठबंधन (जेएमएम-कांग्रेस-राजद) ने प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है। झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित हुए हैं। विधानसभा की कुल 81 सीटों में से गठबंधन ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की। जहां भाजपा के पास पहले सदन में 37 सीटें थीं, इस बार केवल 25 ही हासिल हुईं।
Recommended Video

सोरेन 27 दिसंबर को शपथ ले सकते हैं
सूत्रों के मुताबिक, 27 दिसंबर को हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस दौरान जेएमएम के 6, कांग्रेस के 5 और आरजेडी के कोटे से एक मंत्री भी शपथ लेंगे। यानी हेमंत सोरेन के साथ 12 मंत्री शपथ लेंगे। इसके अलावा कांग्रेस को स्पीकर पद मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह मोरबड़ी ग्राउंड में आयोजित किया जा सकता है।

राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा
वहीं झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) को 3 सीट मिलीं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्सिस्ट-लेनिनिस्ट) लिबरेशन और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने एक-एक सीट जीती। चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद भाजपा नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने रांची स्थित राज भवन से बाहर आते वक्त कहा, 'मैंने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने मुझे नई सरकार बनने तक कार्यवाहक सीएम बनने के लिए कहा है। '

रघुबर दास निर्दलीय उम्मीदवार से हारे
रघुबर दास निर्दलीय उम्मीदवार सर्यू रॉय से 15 हजार मतों से हारे हैं। चुनाव के शुरुआती रुझानों में ही गठबंधन को भारी मत मिलते दिख रहे थे। जिसके बाद जेएमएम अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने प्रेस वार्ता कर झारखंड के लोगों का धन्यवाद किया। हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के लोगों ने जेएमएम-कांग्रेस-राजद के गठबंधन को स्पष्ट बहुमत दिया है। सोरेन गठबंधन पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।

दोनों सीटें जीते हेमंत
उन्होंने कहा कि सहयोगी पार्टी से मुलाकात के बाद आगे की बात होगी। हेमंत सोरेन ने विधानसभा की दो सीटों- दुमका और बरहेट से चुनाव लड़ा था और दोनों पर ही जीत हासिल की। अब झारखंड भी उन राज्यों की सूची में आ गया है, जहां भाजपा ने सत्ता खो दी है। जहां 2017 में देश के 71 फीसदी भाग पर भाजपा की सरकार थी, अब वही आंकड़ा 35 फीसदी पर आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications