झारखंड में एक और मॉब लिंचिंग, डायन बताकर महिला समेत चार लोगों को पीट-पीटकर मार डाला
नई दिल्ली। झारखंड में एक और मॉब लिंचिंग की घटना से सनसनी फैल गई है। रविवार को गुमला जिले में डायन के शक में महिला समेत चार लोगों की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या को रविवार की सुबह अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि 12 नकाबपोश बदमाशों ने चार लोगों को घर में से खींचकर बाहर निकाला और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी।

महिला सहित चार लोगों की हत्या
जिन लोगों की हत्या की गई है, उनमें 60 वर्षीय चापा उरांव, उसकी पत्नी पीरा उराईन सहित गांव के 2 अन्य लोग शामिल हैं। जबरन घर से निकालकर बदमाशों ने एक-एक कर चार लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात की सूचना पाकर झारखंड पुलिस मौके पर पहुंची, ताजा जानकारी मिलने तक पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। जबकि बताया जा रहा है कि हत्या के बाद घटना को अंजाम देने वाले नकाबपोश फरार हो गए हैं।

पुलिस की टीम जांच में जुटी
इस मामले में गुमला के एसपी अंजनी कुमार झा का कहना है कि प्रथम दृष्टया लगता है कि पीड़ित लोग जादू-टोना में लिप्त थे। ऐसा लगता है कि अंधविश्वास के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, पूरे मामले की जांच जारी है।' वहीं, सूत्रों का कहना है कि चारों लोगों की हत्या से पहले जन अदालत लगाई गई थी और इसमें उन पर तंत्र-मंत्र और टोना-टोटका करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद सभी नकाबपोश इनके घर पहुंचे थे।

हाल के दिनों में झारखंड में लिंंचिंग की ये दूसरी घटना
इसके पहले, झारखंड में पिछले महीने भीड़ ने चोरी के शक में एक मुस्लिम युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। खरसावां में 18 जून को तरबेज को चोरी के शक में पकड़ने के बाद भीड़ ने पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी थी। 24 साल के तबरेज को भीड़ ने पोल से बांधकर बुरी तरह पीटा था। पुलिस को सौंपे जाने से पहले करीब 18 घंटे तक लोग लाठी-डंडे से लोग उसे पीटते रहे।












Click it and Unblock the Notifications